बीकानेर | बीकानेर जिला अग्रवाल सम्मेलन ‘युवा इकाई’ और अग्रवाल समाज चेतना समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को स्व. सुनील अग्रवाल की चतुर्थ पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लगभग 102 यूनिट रक्त का संकलन किया गया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री कालीचरण सर्राफ, विशिष्ट अतिथि सीओ सिटी ममता गुप्ता और कार्यक्रम अध्यक्ष संत रामानंद महाराज की अध्यक्षता में शिविर का शुभारंभ हुआ। उच्च शिक्षामंत्री कालीचरण सर्राफ ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला।
वहीं बीकानेर जिला अग्रवाल सम्मेलन ‘युवा इकाई’ की ओर से किए जा रहे सामाजिक सरोकार के कार्यों की सराहना की। संत रामानंद महाराज ने कहा कि रक्त देने वाला जीवन देने वाला होता है। उनकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है।
सीओ सिटी ममता गुप्ता ने युवाओं से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में रक्त का शुद्धिकरण होता है। संस्था संरक्षक शिवरतन अग्रवाल, चेतना समिति के जगदीश राय गुप्ता तथा अध्यक्ष हनुमान अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस मौके पर डॉ. मोहित बंसल, डॉ. वेद गोयल, सुशील बंसल, गोपाल अग्रवाल, गौरीशंकर अग्रवाल, हनुमान अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, लक्ष्मीनारायण,किशन गोयल, रामेश्वर अग्रवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल ने रक्तदान किया। इस दौरान पीबीएम ब्लड बैंक के डॉ. अरुण भारती, डॉ. संगीता कुमारी, विनम्र सक्सेना, सुरेंद्र कुमार सहित अन्य कार्मिकों का सम्मान किया गया।