वन्य जीव शिकार मामले में सांसद से मिले
बीकानेर | मुकामपीठाधीश्वर आचार्य स्वामी रामानंद जी महाराज ने रविवार को सुबह बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल से मुलाकात कर बापेऊ तीतर प्रकरण में शिकारियों को संरक्षण देने पर श्रीडूंगरगढ़ सीओ को निलंबित करवाने की मांग की। अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने बीकानेर संभाग में बड़े स्तर पर गिरोह बनाकर वन्य जीवों का शिकार करने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने, जिला प्रशासन द्वारा उच्च स्तरीय जांच करवाकर बापेऊ में तीतर शिकार प्रकरण में दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, वन्य जीव प्रेमियों पर किए गए झूठे मुकदमे वापस लेने की मांग भी की। वहीं दूसरी ओर भाजपा नेता बिहारीलाल बिश्नोई ने भी अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा के प्रतिनिधि के रूप में सांसद मेघवाल से मुलाकात कर स्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने बापेऊ शिकार प्रकरण में दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई वन्य जीव प्रेमियों पर किए गए झूठे मुकदमे वापस नहीं लेने पर पूरे बिश्नोई समाज की ओर से आंदोलन की चेतावनी भी दी।