बाइक से गिरने पर बैंक कर्मी की मृत्यु
बीकानेर | गंगाशहररोड पर बाइक से गिरने पर एक बैंक कर्मचारी की मौत हो गई। गंगाशहर पुलिस के अनुसार सांवर लाल एसबीबीजे जयनारायण व्यास कॉलोनी शाखा में सफाई कर्मचारी है। रविवार सुबह अपने दोस्त प्रदीप के साथ उसकी बाइक की सर्विस करवाने गया था। वापस लौटते समय दोनों अलग-अलग बाइक पर थे। हुंडई शो रूम के सामने सांवर लाल की बाइक डिवाइडर से टकरा गई। वह नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई कालूराम की रिपोर्ट पर थाने में मर्ग दर्ज की गई है।
वृद्ध के साथ मारपीट : कांता खतूरिया कॉलोनी में एक प्लाट के विवाद को लेकर वृद्ध के साथ मारपीट का मामला जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने में दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार 70 साल के नवीन राजन चौधरी अपना प्लाट संभालने गए थे। जहां पड़ोस में रहने वाले आइदानराम और उसके पुत्र संदीप ने उनके साथ मारपीट गाली गलौज की। परिवादी ने पुलिस को बताया कि प्लाट का यूआईटी से पट्टा मिला हुआ है लेकिन आइदानराम ने उसके फर्जी दस्तावेज बनवा रखे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।