- Hindi News
- स्कूलों में गड़बड़ाई पोषाहार की व्यवस्था
स्कूलों में गड़बड़ाई पोषाहार की व्यवस्था
बीकानेर | शहरीक्षेत्र की सरकारी स्कूलों में पोषाहार की व्यवस्था गड़बड़ाने लगी है। अधिकांश स्कूलों में अभी तक पोषाहार नहीं पहुंचा है। दो सप्ताह से शिक्षक आस-पास की स्कूलों से पिछले महीने की बची हुई पोषाहार सामग्री लेकर काम चला रहे हैं। अब आस-पास की स्कूलों में भी पोषाहार की सामग्री खत्म होने से बच्चों के पोषाहार पर संकट खड़ा हो गया है। केंद्रीय रसोईघर के बंद होने के बाद शहरी क्षेत्र की स्कूलों में पोषाहार उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी क्रय-विक्रय सहकारी समिति कोलायत को दी गई है, मगर समिति के ठेकेदार की ओर से समय पर पोषाहार सामग्री का वितरण नहीं किया जा रहा है। इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र की स्कूलों के शिक्षकों ने बताया कि इस संबंध में ठेकेदार से बात की गई है, मगर अभी तक पोषाहार सामग्री नहीं पहुंची है। वहीं कई स्कूलों में अप्रैल माह से पोषाहार का बजट भी बकाया चल रहा है। शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेश मंत्री रवि आचार्य ने बताया कि इस संबंध में जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर पोषाहार का बकाया भुगतान करवाने की मांग की गई है।