ससुरालवालों पर बच्ची की हत्या का आरोप
बीकानेर. जामसरथाना क्षेत्र के मालासर गांव की एक महिला ने अपने ससुरालवालों पर पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाते हुए इस्तगासे से मुकदमा दर्ज करवाया है।
मालासर निवासी विवाहिता कमला नायक की ओर से दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि करीब चार साल पूर्व उसकी शादी कोलायत निवासी ओमप्रकाश से हुई थी। शादी के बाद उसका पति, सास राजू देवी, ससुर अणदाराम नारायणराम उसे दहेज के लिए तंग-परेशान करने लगे। वह अपने पीहर गई जहां उसने एक साल पूर्व पुत्री को जन्म दिया। कुछ दिन पूर्व उसका पति और ससुरालवाले भी पीहर गए और मारपीट कर जबरन पुत्री को अपने साथ ले गए। बाद में उन्होंने पुत्री की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या, अपहरण और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है।