वेतन के लिए अर्द्ध नग्न प्रदर्शन
मुख्यमंत्री नि:शुल्क दवा वितरण योजना ‘एमएनडीवाई’ में लगे संविदा मैन विद मशीन ऑपरेटर्स 12 माह का बकाया वेतन सेवा अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट पर अर्द्ध नग्न प्रदर्शन किया। अखिल राजस्थान कम्प्यूटर ऑपरेटर महासंघ की ओर से राज्य भर प्रदर्शन के तहत बीकानेर में भी प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद ऑपरेटर्स ने मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा।
ऑपरेटरों का कहना था कि एक तरफ सरकार एक वर्ष पूरे करने का जश्न मना रही है दूसरी ओर राज्य के 3265 ऑपरेटर्स पिछले 12 माह से न्यायालय के स्थगन आदेश के तहत बिना वेतन कार्य कर रहे हैं। राजस्थान उच्च न्यायालय ने वेतन रोकने के संबंध में किसी भी प्रकार का कोई आदेश पारित नहीं किया उसके बाद भी वेतन रोकने से ऑपरेटरों पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए ऑपरेटर्स ने ज्ञापन में बताया कि भाजपा के घोषणा पत्र के पेज संख्या 37 पर पांचवें पैराग्राफ में कम्प्यूटर ऑपरेटर को नियमित रोजगार देने की बात लिखी गई है। भाजपा ने कई बार कहा भी है कि राजनीतिक दल का घोषणा पत्र उस पार्टी का संविधान होता है। इसके बाद भी 12 माह से ऑपरेटर बिना वेतन कार्य कर रहे हैं। चिकित्सा मंत्री ने भी सीएम को पत्र लिखकर ऑपरेटर्स की सेवाएं नियमित करने की आवश्यकता जताई थी। प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष घनश्याम पंचारिया, भंवर करेला, मनोज खत्री, घनश्याम, जयप्रकाश पाइवाल, ओमप्रकाश नाई, रमेश शर्मा, विष्णु दाधीच, विनय थानवी आदि शामिल थे।
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते संविदा कर्मचारी।