- Hindi News
- सफाई व्यवस्था अच्छी नहीं होने पर एडीएम नाराज
सफाई व्यवस्था अच्छी नहीं होने पर एडीएम नाराज
बीकानेर | बीकानेर.शहर की साफ-सफाई एवं सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए नियुक्त सेक्टर अधिकारियों की बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) दुर्गेश बिस्सा ने बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र की सफाई व्यवस्था अच्छी नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में बिस्सा ने संबंधित अधिकारी को इस क्षेत्र में गंदगी तथा कचरे के तुरंत निस्तारण करवाने के लिए निर्देश दिए। साथ ही चौतीना कुआं के पास नाले के खुले चेंबर को तुरंत ठीक करवाने के लिए निगम आयुक्त को कहा। उन्होंने बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में अधिकांश रोडलाइटें बंद होने स्वीकृत छह में से तीन ट्यूबवेल बंद होने की शिकायत पर स्थिति में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
बैठक में लालगढ़ रेलवे स्टेशन कृषि उपज मंडी की सड़क के किनारे, इंदिरा कॉलोनी, वृंदावन पार्क, जेएनवी कॉलोनी के जेड पार्क, ज्ञान मार्ग, सोफिया स्कूल से शिवबाड़ी चौराहे तक, रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र की रोड नंबर पांच से सात, त्यागी वाटिका, ब्रह्मचारी आश्रम के पास जमा कचरा उठाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी आलोक रंजन, नगर निगम आयुक्त एफ.आर. सोनी, नगर विकास न्यास के सचिव अजय असवाल, डीआईजी स्टांप ऋषि बाला श्रीमाली, जिला परिवहन अधिकारी जुगल किशोर माथुर, जिला उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक आर.के. सेठिया सहित सेक्टर अधिकारी उपस्थित थे।