- Hindi News
- फैक्ट्री पर कब्जा करने की जांच करेगी पुलिस
फैक्ट्री पर कब्जा करने की जांच करेगी पुलिस
बीकानेर. अदालत ने धोखाधड़ी से फैक्ट्री पर कब्जा करने के एक मामले में सदर थाना पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नंबर दो मधु हिसारिया ने शनिवार को मामले की सुनवाई की। जिसमें फैक्ट्री हड़पने के आरोप में पीओपी व्यवसायी चूरू निवासी दिलीप कुमार पोद्दार एवं प्रदीप पोद्दार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान के पश्चात नतीजा पेश करने का आदेश सदर थाना पुलिस को दिया है। परिवादी गंगाशहर निवासी कमल छाजेड़ ने अधिवक्ता ब्रजेश मदान जगदीश सेवक के मार्फत इस संबंध में इस्तगासा दायर किया था। इस्तगासा के मुताबिक कमल छाजेड़ की जयमलसर गांव में एक फैक्ट्री है। फैक्ट्री को 30 लाख रुपए में खरीदने का सौदा अभियुक्तों से हुआ। कमल छाजेड़ ने आरोप लगाया है कि अभियुक्तों ने इकरारनामे के समय तीन लाख रुपए अग्रिम राशि अदा कर फैक्ट्री का कब्जा प्राप्त कर लिया और शेष राशि चार माह में अदा कर बेचाननामा करवाने का वादा किया लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने शेष राशि अदा नहीं की। इसी बीच दस लाख रुपए देकर बेचाननामा करवाने के लिए समय बढ़ाने की मांग की। बाद में बेचाननामा करवाने से मना कर आपराधिक षडयंत्र से बनावटी इकरारनामा बनाकर फैक्ट्री पर कब्जा कर लिया।