झूमी छात्राएं, गुनगुनाएं गीत
बीकानेर. करणीनगर स्थित स्वामी रामनारायण आर.एस.वी.स्कूल का वार्षिकोत्सव शनिवार को मनाया गया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें नौनिहालों ने नृत्य और गीतों की प्रस्तुति दी। छात्राओं ने इस मौके पर पंजाबी, भंगड़ा, गिद्दा, लावणी नृत्य से श्रोताओं की तालियां बटोरी। बच्चों ने देश के विभिन्न प्रांतों की भाषा, बोली, पोशाक पहनकर नृत्य प्रस्तुति कर एकता और साम्प्रदायिक सौहार्द का वातावरण पैदा किया। मुख्य अतिथि वेटरनरी विश्वविद्यालय की प्रो.डॉ.नलिनी कटारिया ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की। निधि स्वामी ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक है। विशिष्ट अतिथि डॉ. ऐ.के.कटारिया ने विद्यार्थियों से लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूर्ण समर्पित होकर प्रयास करने का आह्वान किया। अतिथियों ने इस अवसर पर शिक्षा सत्र 2013-14 में दसवीं कक्षा में सीबीएसई परीक्षा में 10 सीजीपीए प्राप्त करने वाले स्टूडेंट्स को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए। प्राचार्य नीरज श्रीवास्तव ने छात्रों को स्मृति चिह्न भेंट किए।