बीकानेर। शहर के लोगों को अब सब्जियों के साथ बीमारियां नहीं खरीदनी पड़ेगी। नगर निगम ने मंगलवार को बल्लभ गार्डन क्षेत्र में 60 बीघा क्षेत्र में गंदे पानी से उगाई जा रही सब्जियों पर जेसीबी चलाई। सुबह साढ़े नौ बजे नगर निगम का दस्ता नागणेचीजी मंदिर के पीछे राजा अहमद की बाड़ी में पहुंच गया और यहां 18 बीघा में उगाई गई सब्जियाें पर जेसीबी चलाना शुरू कर दिया।
इस जमीन पर पांच बिहारी परिवार यहां सब्जियां उगाने के काम में लगे हैं। नगर निगम आयुक्त वीरेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे दस्ते में आयुक्त पूर्व क्षेत्र ज्ञानमल खटीक, आयुक्त पश्चिम हजारीराम ज्याणी, एक्सईएन रमेश मीणा, सहायक अभियंता पवन बंसल सहित राजस्व निरीक्षक आसूसिंह आदि शामिल थे।
जेएनवी कॉलोनी गंगाशहर थाने के एसएचओ के अलावा आरएससी के अलावा छत्तरगढ़ पुलिस थाने के जवान भी कार्रवाई के दौरान साथ रहे। विदित रहे कि बल्लभ गार्डन क्षेत्र में करीब 148 बीघा क्षेत्र में गंदे पानी की सब्जियां उगाई जा रही है। पहले दिन निगम ने 60 बीघा क्षेत्र से ऐसी सब्जियां नष्ट की।
ये सब्जियां हुई नष्ट, फूलगोभी, धनिया, पालक, मैथी
याददाश्त कमजोर करती है गंदे पानी की सब्जियां
डॉ.आर.पी. अग्रवाल का कहना है कि गंदे पानी में उगाई जा रही सब्जियां का लगातार उपयोग किया जाए तो व्यक्ति की याददाश्त कमजोर होने लगती है। इसके अलावा हार्ट, बीपी और शुगर की बीमारियों को भी बढ़ावा देती है। नार्मल रूप से लीवर पर इफैक्ट डालती है जिससे पीलिया और हैपटाइटिस जैसे रोग होने का खतरा बना रहता है। डॉ. अग्रवाल बताते हैं कि गंदे पानी की सब्जियों के सेवन ने गैसटिक, उल्टी-दस्त और ब्लड में इंफैक्शन का भी खतरा रहता है।
एक सप्ताह तक चलेगी कार्रवाई
गंदे पानी की सब्जियों को नष्ट करने की कार्रवाई करीब एक सप्ताह तक चलेगी। बल्लभ गार्डन क्षेत्र में सब्जियां नष्ट करने के बाद सुजानदेसर की बाड़ियों पर कार्रवाई की जाएगी। निगम अधिकारियों ने कहा, कार्रवाई में उन्हें पुलिस फोर्स की जरूरत है लेकिन जाप्ता कम मिल रहा है।
बीकानेर शहर में 300 बीघा क्षेत्र में गंदे पानी की सब्जियां हो रही है। इनमें से 148 बीघा बल्लभ गार्डन क्षेत्र में, 35 बीघा सुजानेदसर में, 30 बीघा से अधिक श्रीरामसर-सुजानेदसर रोड की बाड़ियों में, 20 बीघा श्रीरामसर में और बाकी मुरलीधर व्यास कॉलाेनी से गेमना पीर की ओर जाने वाले रास्ते में आने वाली बाड़ियों में उगाई जा रही है। इनमें से महज चार बीघा क्षेत्र में नगर निगम ने गंदे पानी को ठेके पर दे रखा है।