- Hindi News
- रेलवे अधिकारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
रेलवे अधिकारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
बीकानेर | सुदर्शनानगर निवासी रेलवे कर्मचारी नारायण प्रसाद प्रजापत ने इस्तगासा से कोटगेट पुलिस थाना में रेलवे के दो कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। नारायण प्रसाद ने इस्तगासा रिपोर्ट में बताया कि 25 मार्च को भतीजी की शादी के लिए रेलवे क्लब का भवन बुक करवाया।
आवेदन के साथ एक हजार रुपए जमा करवाए जिस पर संबंधित लिपिक ने मुस्तगीस के नाम बुकिंग करवाई। शेष राशि जमा कराने के लिए मुस्तगीस को सूचना दे दी जाएगी। काफी समय व्यतीत होने के बाद जब मुस्तगीस को शेष राशि जमा कराने के लिए सूचना नहीं मली तो मुस्तगीस ने 28 अगस्त, 14 को एक आवेदन सचिव रेलवे क्लब को देकर पूछताछ की तो अध्यक्ष रेलवे क्लब बीकानेर सहायक कार्मिक प्रथम ने मुस्तगीस की बुकिंग इस आधार पर रद्द कर दी कि मुस्तगीस से पहले कैलाश कुमार ने इन्हीं तिथियों के लिए आवेदन किया था और रेलवे क्लब आबंटन कर दिया है। मुस्तगीस ने इसकी शिकायत मंडल रेलवे प्रबंधक को की जिस पर इस प्रकरण की जांच के आदेश दिए जिस पर कार्मिक हित निरीक्षण ने जांच की जिसमें बुकिंग क्लब ने अपने बयानों में माना कि बुकिंग रजिस्टर में दो तीन नवंबर को प्रथम क्रमांक पर मुस्तगीस का नाम लिखा है एक हजार रुपए एडवांस जमा भी दर्ज किए गए है। जांच यह भी आया कि कैलाश कुमार ने बुकिंग के लिए जुलाई, 14 को आठ हजार रुपए जमा करवाई जहां मुस्तगीस की बुकिंग रद्द करने कैलाश कुमार के नाम बुकिंग कर राशि जमा कराने के आदेश मुल्जिम सुरेश खत्री मुल्जिम रघुवीर सिंह ने दिए थे। इस प्रकार मुस्तगीस के नाम की गई बुकिंग एंट्री को रबर से मिटाया कैलाश कुमार का नाम दर्ज किया और कूटरचित दस्तावेज बनाया गया। मुस्तगीस ने अपने आबंटन को रद्द कर अन्य को किए जाने आबंटन की कार्रवाई की सूचना संबंधित क्लब सचिव से मांगी लेकिन कोई जानकारी नहीं दी गई। क्लब भवन बुक कराने के एक हजार रुपए एडवांस दिए थे वह भी नहीं लौटाए गए।