पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बाल भी बांका नहीं हुआ 28 लाख लूटने वालों का

बाल भी बांका नहीं हुआ 28 लाख लूटने वालों का

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भरेबाजार में दिन-दहाड़े 28 लाख रुपए की लूट हुई। पीड़ित ने एसपी को फोन किया। लुटेरे नामजद हो गए। पुलिस के हाथ उनके गिरबान तक भी पहुंचे, बावजूद इसके पुलिस मन मसोस कर रह गई और लुटेरों का बाल भी बांका नहीं हुआ।

सोमवार को गंगाशहर रोड पर माइको कंपनी के पास दिन-दहाड़े हुई 28 लाख रुपए की लूट के मामले में कुछ ऐसा ही हुआ। सर्राफा व्यवसायी मोहन मराठा और अभिषेक सोनी 31 लाख रुपए लेकर कोतवाली क्षेत्र से रवाना हुए। गंगाशहर में दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक पर सवार होकर तीन लोगों ने उनसे 28 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया। पुलिस ने छानबीन की तो उजागर हुआ कि लुटेरे अभिषेक के साथी थे और उसी ने वारदात करवाई। बड़ी लूट की इस वारदात का पुलिस ने करीब चार घंटे में ही खुलासा कर दिया, लेकिन उसे श्रेय नहीं मिल पाया।

लूट की योजना में शामिल अभिषेक एक रसूखदार सर्राफा व्यवसायी का रिश्तेदार था। इस व्यवसायी के प्रयासों से आपसी समझौता हुआ और पीड़ित मोहन ने मुकदमा दर्ज करवाने से ही इंकार कर दिया। लुटेरों को नामजद कर उन तक पहुंचने के बावजूद पुलिस उनके खिलाफ कुछ भी नहीं कर पाई। अब पुलिस ने भी खुद को इस मामले से अलग कर लिया है। पता चला है कि पूरे घटनाक्रम में मोहन को उसके 28 लाख रुपए मिल गए, अब लुटेरों से लूटी गई पूरी राशि हासिल करने के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।

^मामले से जुड़े दोनों पक्षों ने राजीनामा कर लिया और पुलिस को किसी भी तरह की रिपोर्ट देने से इंकार कर दिया। मुकदमा दर्ज नहीं होने के कारण कानूनी कार्यवाही नहीं हो सकी। -संतोष चालके, एसपी