- Hindi News
- माध्यमिक उच्च माध्यमिक स्कूलों में भी चलेगा सीसीई
माध्यमिक-उच्च माध्यमिक स्कूलों में भी चलेगा सीसीई
एकीकरणके तहत माध्यमिक-उच्च माध्यमिक स्कूलों में समायोजित सतत एवं व्यापक मूल्यांकन (सीसीई) प्राथमिक-उच्च प्राथमिक स्कूलों में सीसीई कार्यक्रम पूर्व की भांति संचालित होगा। माध्यमिक शिक्षा के प्रमुख शासन सचिव ने इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक को निर्देश जारी किए हैं।
वर्तमान में राजस्थान प्रारंभिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2014-15 की कार्य योजना में राज्य के 74 ब्लॉक की लगभग 21,466 प्राथमिक-उच्च प्राथमिक स्कूलों में कक्षा एक से पांचवीं में सीसीई कार्यक्रम का संचालन हो रहा है।
वहीं इन ब्लॉक के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में सीसीई संचालित नहीं है। स्कूल एकीकरण प्रक्रिया के तहत इन ब्लॉक में प्रारंभिक शिक्षा के अधीन जिन सीसीई संचालित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों का विलय माध्यमिक-उच्च माध्यमिक स्कूलों में हुआ है, उन आदर्श माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों की कक्षा एक से पांचवी में सीसीई कार्यक्रम का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य के पांच जिले जयपुर, अलवर, बीकानेर, श्री डूंगरपुर और उदयपुर के नौ ब्लॉक के उच्च प्राथमिक स्कूलों में वर्ष 2014-15 से कक्षा छह से आठवीं में भी सीसीई कार्यक्रम संचालित हो रहा है। ऐसे उच्च प्राथमिक स्कूलों में से जिनका समायोजन माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में हो गया है, तो उन माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों की कक्षा छह से आठ में सीसीई कार्यक्रम का संचालन करना होगा।