इितहास देखने पहुंचे 3576 छात्र-छात्राएं
विश्व पर्यटन दिवस पर शनिवार को राजकीय म्यूजियम के गलियारे स्कूली छात्र-छात्राओं की चहल-कदमी से रोशन रहे।
पर्यटन दिवस के मौके पर म्यूजियम में छात्र-छात्राओं के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों का प्रवेश निशुल्क रहा। जिसके चलते बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं म्यूजियम में प्रदर्शित पुरा कलाकृतियों का अवलोकन करने पहुंचे। सुबह 9.45 से शाम 5.15 बजे तक कुल 3576 छात्र-छात्राओं एवं शहरवासियों ने म्यूजियम का अवलोकन किया। दीर्घा परिचालकों ने स्कूली बच्चों को म्यूजियम में प्रदर्शित कलाकृतियों के संबंध में जानकारी उपलब्ध करवाई। इस मौके पर स्कूली बच्चों को म्यूजियम की महाराजा गंगा सिंह दीर्घा, कला एवं हस्तशिल्प दीर्घा, पट्ट परिधान दीर्घा, ऐतिहासिक चित्र एवं मुद्रा कक्ष, अस्त्र-शस्त्र दीर्घा, पुरातत्व कक्ष एवं टेस्सीटोरी दीर्घा, चित्रकला दीर्घा में प्रदर्शित पाषाण प्रतिभाएं, शिलालेख, लघुचित्र, प्राचीन सिक्के और धातु प्रतिभाओं सहित 20 शताब्दी के प्रारंभिक काल तक की कला सामग्री से रूबरू होने का मौका मिला। हालांकि दीर्घा परिचालकों की कमी के चलते जैन दीर्घा का अवलोकन स्कूली छात्र-छात्राएं नहीं कर सकें। अवलोकन के दौरान जैन दीर्घा बंद मिली। वहीं इस संबंध में राजकीय संग्रहालय के अधिकारियों का कहना है कि जैन दीर्घा बंद नहीं थी। बच्चों के कहने पर उन्हें जैन दीर्घा का भी भ्रमण करवाया गया। इस मौके पर पर्यटन विभाग की ओर से स्कूली बच्चों को राजस्थान के पर्यटन स्थलों से संबंधित निशुल्क पर्यटन साहित्य वितरित करवाया गया।
जूनागढ़ में राजस्थानी धुनों पर झूमते विदेशी पर्यटक।
विश्व पर्यटन दिवस पर भी बंद पड़ी राव बीकाजी की टेकरी।
राजकीय म्यूजियम में पुरामहत्त्व की चीजों को देखते स्कूली बच्चे।
जूनागढ़ पहुंचे 976 पर्यटक, स्वागत हुआ
पर्यटनविभाग की ओर से विश्व पर्यटन दिवस पर जूनागढ़ में देशी-विदेशी पर्यटकों का स्वागत किया गया। स्थानीय कलाकारों ने राजस्थानी धुनों पर पर्यटकों का अभिनंदन किया। वहीं पर्यटन अधिकारियों ने माल्यार्पण और तिलक लगाकर पर्यटकों की आवभगत की। शनिवार को 153 विदेशी और 823 देशी पर्यटक जूनागढ़ का अवलोकन करने पहुंचे।