पद्मश्री गौहर के नृत्य ने किया रोमांचित
वेटरनरीकॉलेज के प्रेक्षागृह में गुरुवार को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित ओडिसी नृत्यांगना रंजना गौहर ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुतियां दी।
वेटरनरी विश्वविद्यालय एवं स्पिक मैके के संयुक्त तत्वावधान में उत्सव-2015 शृंखला के तहत आयोजित ओडिसी नृत्य कार्यक्रम में गौहर ने शिव आराधना की प्रस्तुति दी और इसके बाद ओडिसी नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दी। उनके शिष्ट विनोद केविन बच्चन ने भी ओडिसी नृत्य की प्रस्तुतियां देकर लोगों की तालियां बटोरी।
पद्मश्री रंजना ने ओडिसी नृत्य के इतिहास के बारे में बताया। हारमोनियम पर गायक सुकांत कुमार कुंडू, मृदल पर रामचंद्र, सितार पर जीवन प्रकाश दास ने संगत की। इससे पहले विवि के कुलपति प्रो. ए.के. गहलोत, अधिष्ठाता वेटरनरी कॉलेज के प्रो. बी.के. बेनीवाल और पद्मश्री रंजना ने दीप प्रज्जवलित किया। प्रो. गहलोत ने कहा कि कला के हर क्षेत्र में कड़ी साधना होना बहुत जरूरी है। स्पिक मैके के बीकानेर चैप्टर के राज्य सचिव दामोदर तंवर ने आभार जताया।
वेटरनरी ओडिटोरियम में नृत्य की प्रस्तुति देती रंजना गौहर।