बीकानेर। स्वच्छ भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए शहरी क्षेत्र की जनसंख्या के अनुपात में सफाई कर्मचारी नियुक्त करने तथा स्वास्थ्य के मद्देनजर सफाई कर्मचारियों को उपकरण दिए जाने चाहिए।
यह कहना है राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी कमीशन के सदस्य गोपाल कृष्ण सहोतरा का। सहोतरा गुरुवार को सर्किट हाउस में जिला कलेक्टर आरती डोगरा की मौजूदगी में हुई बैठक में अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं तथा उनके लिए लागू योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने निगम आयुक्त से सफाई कार्मिकों को सफाई के दौरान उपलब्ध कराए गए उपकरणों के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिए कि निगम सफाई कर्मिकों को वर्दी, ग्लब्स, हेलमेट आदि उपलब्ध करना सुनिश्चित करें। सहोतरा ने मृत कर्मचारियों के आश्रितों के भुगतान तथा अनुकम्पा नियुक्ति के बारे में फीडबैक लिया और निर्देश दिए कि दोनों ही मामलों में निगम आवश्यक कार्रवाई करें।
बैठक में कर्मचारी आयोग के पूर्व सदस्य चंद्रशेखर चांवरिया, पार्षद नंदलाल जावा, ज्ञानप्रकाश बारासा, राष्ट्रीय सफाई मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश सचिव सुखदेव जावा, मिथुन चांवरिया, सतीश चांवरिया, नगर निगम में सफाई कर्मचारी नेता सुनील जावा, जमादार एकता संघ के नगर अध्यक्ष गजराज चांवरिया, भंवरलाल चांगरा,वाल्मीकि प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष जयदीप सिंह वाल्मीकि, महासचिव राहुल जादुसंगत, अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के नगर अध्यक्ष कामराज गोयल, कैलाश आदि ने हाल ही में सफाई कर्मचारियों की भर्ती में प्रतीक्षा सूची में शामिल लोगों को नियुक्ति देने, वाल्मीकि बस्तियों में सफाई व्यवस्था बहाल करने, शिक्षा विवाह ऋण दिलवाने, स्वास्थ्य शिविर आयोजित करवाने सहित नए सिरे से सफाई कर्मचारियों की भर्ती आदि मामले रखे।
भारतीय वाल्मीकि युवा संघ के सुरेश सिसोदिया ने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) अजय कुमार पाराशर, अतिरिक्ति जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र बिश्नोई, निगम आयुक्त वीरेंद्र वर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशक एल.डी. पंवार आदि शामिल थे।
नगर निगम में कर्मचारी नेता सुनील जावा ने सफाई कर्मचारियों की और भर्ती करने और उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। रूपाराम कंडारा, गणेश चंदेलिया, राजकुमार चांगरा, सुखदेव जावा ने भी जावा की मांग का समर्थन किया है।
वाल्मीकि मोहल्लों का निरीक्षण
राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी कमीशन के सदस्य गोपाल कृष्ण सहोतरा ने अधिकारियों के साथ सवा लखी हनुमान क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती और गोगागेट क्षेत्र में आडूपीर शाह मार्ग से वाल्मीकि समाज के श्मशान क्षेत्र का निरीक्षण किया और इन क्षेत्रों में सफाई करवाने गंदे पानी के तालाब के पानी को पंप लगाकर अन्य जगह छोड़ने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।