बीकानेर | एक दिन पहले बंद कमरे में अभियंताओं की क्लास लेने के बाद नहर बोर्ड चेयरमैन डॉ.मधुकर गुप्ता नहर पर पहुंचे। बज्जू के आसपास नहर के निरीक्षण के दौरान उन्हें तमाम इंतजाम सही नहीं लगे।
एक जगह पानी चोरी होती देख मुख्य अभियंता को फटकारा। बज्जू के पास एक गेज मीटर के पास लगे दोनों एयरकंडीशन खराब पड़े थे। रेग्युलेशन विंग के अभियंताओं से कारण पूछा जवाब तक नहीं दे सके। हरीके से कितना पानी छूटा और यहां कितना पानी पहुंचना चाहिए इसकी भी जानकारी अभियंताओं को नहीं थी। एक जगह फाटक के पास कचरा एकत्र था। उस पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। डॉ.गुप्ता ने अारडी 931, डॉ.करणीसिंह लिफ्ट, तेजपुरा माइनर, आरडी 961 आदि क्षेत्रों का दौरा किया। उनके साथ इजराइल के वैज्ञानिक मोती हरारे भी थे।
दौरे के दौरान उन्होंने बूंद-बूंद सिंचाई पद्धति को बढ़ावा देने को कहा। एक किसान के खेत का अवलाेकन भी किया। नहरी क्षेत्र के पूरे तीन लाख 20 हजार हैक्टेयर में बूंद-बूंद सिंचाई के लिए 1290 करोड़ के प्रस्ताव बोर्ड ने भिजवाए हैं। इसमें केन्द्र से 75 प्रतिशत राशि देगी। चालू वर्ष में 6735 हैक्टेयर में नया सीसीए खोलने के लिए कहा। उन्होंने अभियंताओं से मशीनों के रखरखाव के लिए भी कहा।