फिर टला विवि का दीक्षांत समारोह
बीकानेर | एकतरफ राज्यपाल कल्याणसिंह समय पर दीक्षांत समारोह आयोजित करने के लिए विवि पर दबाव बना रहे हैं तो दूसरी ओर विवि को अतिथियों का वक्त नहीं मिल रहा है। महाराजा गंगासिंह विवि की कुलपति पिछले दो महीने से समारोह में मुख्य अतिथि का वक्त लेने के लिए दौड़ रही हैं मगर उन्हें हर जगह से मनाही सुनने को मिल रही है। सबसे पहले कुलाधिपति के तौर पर राज्यपाल कल्याणसिंह से समारोह में आने से इनकार किया। बाद में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने वक्त देने से मना किया और अब मुख्यमंत्री वसुंधराराजे ने भी समारोह में आने से असमर्थता जता दी। बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय से मनाही के बाद अब कुलपति दूसरे अतिथि का वक्त लेने में जुट गई हैं। चूंकि राज्यपाल कुलाधिपति हैं इसलिए उनको आमंत्रित करना विवि की पहली प्राथमिकता थी। उसके बाद मुख्यमंत्री और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री को प्राथमिकता दी गई। इस कारण अब कुलपति फिर से नए सिरे से अतिथियों की तलाश में जुट गई हैं। हालांकि विवि इससे निराश है मगर समारोह समय पर आयोजित करने के लिए दूसरे अतिथियों को बुलाए जाने की तैयारी होने लगी है। राज्यपाल ने नया सत्र शुरू होने से पहले समारोह आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। कुलपति प्रो.चंदकला पाडिया ने बताया कि अब दूसरे अतिथियों को आमंत्रण भेजा जाएगा।