- Hindi News
- मेडिकल चौराहे पर महिला खुले नाले में गिरी
मेडिकल चौराहे पर महिला खुले नाले में गिरी
सरदारपटेल मेडिकल कॉलेज चौराहे पर खुले पड़े नाले में गुरुवार की रात एक महिला गिर पड़ी। करीब आधे घंटे तक वह चिल्लाती रही लेकिन किसी ने उसकी पुकार नहीं सुनी। आखिर हिम्मत बटोर कर किसी प्रकार वह नाले से बाहर निकली।
बेसिक कॉलेज के पास रहने वाली सुमित्रा शर्मा अपनी रिश्तेदार के यहां पवनपुरी गई थी। वापस लौटते समय मेडिकल चौराहे पर टैक्सी का इंतजार कर रही थी। रोड लाइट नहीं जलने के कारण वहां अंधेरा था। चौराहे का रैम्प क्षतिग्रस्त था और उसके नीचे गंदे पानी का नाला बह रहा था। महिला को अंधेरे में नाला नजर नहीं आया और वे उसमें गिर पड़ी। नाले पर लगी लोहे की ग्रिल उसके हाथ में गई। जिसे पकड़ कर वह लटक गई। वह गर्दन तक पानी में डूबी गई। मौत का भय सताने लगा।
मदद के लिए महिला ने काफी शोर मचाया लेकिन किसी राहगीर तक उसकी आवाज नहीं पहुंची। आखिर में हिम्मत बटोर कर काफी मशक्कत के बाद वह बाहर निकल सकी। इससे उसके शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। महिला ने बताया कि उसे कुछ दिन पहले ही नया मोबाइल खरीदा था, जो पानी में बह गया। किसी प्रकार टैक्सी में बैठ कर अपने घर पहुंची।
सुमित्रा ने बताया कि नगर निगम की लापरवाही के कारण उसकी जान भी जा सकती थी। नाला खुला पड़ा है और वहां अंधेरा भी है। कोई भी हादसा हो सकता है। प्रशासन काे चाहिए की उसे तत्काल बंद करे।
सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज चौराहे पर खुले नाले में गिरी महिला।