अर्द्धवार्षिक परीक्षा आज से
बीकानेर | जिलेमें 9वीं से 12वीं कक्षा की अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुक्रवार से शुरू होगी। परीक्षा का आयोजन दो पारियों में होगा। पहली पारी में सुबह 8.45 से दोपहर 12 बजे तथा दूसरी पारी में दोपहर 12.30 से 3.45 बजे तक परीक्षा होगी। जिला समापन परीक्षा योजना के संयोजक राजेंद्र सिंह खींची ने बताया कि परीक्षा 24 दिसंबर तक चलेगी। वितरण केंद्रों से प्रश्न-पत्रों का वितरण सरकारी स्कूलों के लिए कर दिया गया है। शुक्रवार को पहले दिन अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। उन्होंने बताया कि 9वीं कक्षा के सभी विषयों की परीक्षाएं पहली पारी एवं 10वीं कक्षा के सभी विषयों की परीक्षा दूसरी पारी में आयोजित की जाएगी। वहीं 11वीं तथा 12वीं कक्षा की परीक्षाएं विषयवार प्रथम द्वितीय पारी में होगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक स्तर पर दो फ्लाइंग दल गठित किए गए है। संस्था प्रधानों ने गुरुवार को परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।