बेटियों के श्रेष्ठ प्रदर्शन को अवार्ड
बसंतपंचमी के पर्व पर जिले की 1507 प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। 10वीं कक्षा की 702 बालिका को गार्गी पुरस्कार तथा 12वीं कक्षा की 805 बालिकाओं को बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार से नवाजा गया। जिले की 425 बालिकाओं को गार्गी पुरस्कार की द्वितीय किस्त संबंधित स्कूलों में ही वितरित की गई। पुरस्कार का वितरण ब्लॉकवार हुआ। बीकानेर शहरी और ग्रामीण क्षेत्र की 495 बालिकाओं को गार्गी पुरस्कार महिला मंडल स्कूल और 450 छात्राओं को बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार महारानी स्कूल में आयोजित हुए समारोह में दिया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, बीकानेर पूर्व क्षेत्र विधायक सिद्धि कुमारी, भाजपा शहर अध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, अतिरिक्त सहायक निदेशक बीकानेर मंडल चंद्रशेखर हर्ष, डीईओ हेमेंद्र उपाध्याय, प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के मोहम्मद इस्माइल, लेखाधिकारी गौरीशंकर रांकावत आदि शामिल हुए।
महिला मंडल स्कूल में आयोजित समारोह में गार्गी पुरस्कार मिलने के बाद खुशी मनाती छात्राएं।
महारानी स्कूल में छात्राओं को पुरस्कार देते अतिथि।
14 बालिकाओं को दिए
प्रियदर्शनी अवार्ड
बीकानेर| समारोह के दौरान इंदिरा प्रियदर्शनी पुरस्कार 2014-15 के तहत जिले में अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली 10वीं कक्षा की 8 और 12वीं कक्षा की 6 छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। 75 हजार और 1 लाख रुपए की राशि इन छात्राओं के बैंक खाते में जमा करवाई जाएगी।
नहीं आई 170 छात्राएं
गार्गीपुरस्कार के लिए जिले में 777 छात्राओं का पंजीयन हुआ। यह पुरस्कार लेने 75 छात्राएं नहीं पहुंची। वहीं बालिका प्रोत्साहन में पंजीकृत 899 छात्राओं में से 94 छात्राएं और इंदिरा प्रियदर्शनी अवार्ड में एक छात्रा कुल 170 छात्राएं नहीं पहुंची। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इन छात्राओं के फार्म आने पर पुरस्कार की राशि दी जाएगी।
पुरस्कार की पात्रता एवं राशि
बोर्डकी 10वीं परीक्षा में 75 प्रतिशत एवं अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को 11वीं 12वीं में नियमित अध्ययन पर प्रति वर्ष 3 हजार रुपए प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। दो वर्ष तक इन छात्रों को तीन-तीन हजार रुपए दिए जाते हैं। वहीं 12वीं में 75 प्रतिशत एवं अधिक अंक लाने वाली छात्राओं को 5 हजार रुपए प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। यह राशि भी नियमित अध्ययनरत छात्राओं को ही दी जाती है।