बीकानेर | शारीरिकशिक्षक भर्ती परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को अभी
बीकानेर | शारीरिकशिक्षक भर्ती परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को अभी तक नियुक्ति नहीं मिली है। नियुक्ति आदेश जारी होने में हो रहे विलंब से अभ्यर्थियों में नाराजगी है।
आक्रोशित अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 फरवरी तक नियुक्ति आदेश जारी नहीं हुए तो संगठन स्तर पर महापड़ाव शुरू किया जाएगा। वहीं आंदोलन राज्य स्तर पर किया जाएगा। उधर, नियुक्ति की मांग का लेकर चयनित बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ के बैनर तले अभ्यर्थियों को धरना शनिवार को 26वें दिन भी शिक्षा निदेशालय के सामने जारी रहा। अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने नवनियुक्त माध्यमिक शिक्षा निदेशक बी.एल.स्वर्णकार से मिलकर अपनी समस्या बताई। प्रतिनिधि मंडल ने चयनित अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द नियुक्ति देने की मांग रखी। निदेशक ने इस संबंध में अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति आदेश जारी करने का आश्वासन दिया। उधर, संगठन के प्रवक्ता मूलचंद लीलड़ ने बताया कि नियुक्ति संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद राज्य सरकार की ओर से नियुक्ति में ढिलाई की जा रही है। जिससे अभ्यर्थियों में विभागीय कार्य प्रणाली को लेकर नाराजगी है।
चयनित शारीरिक शिक्षकों को नहीं मिली नियुक्ति