श्वानों की अठखेलियों पर गूंजी तालियां
वेटरनरी विश्वविद्यालय में शनिवार को आयोजित डॉग-शो में दुनियाभर में पाई जाने वाली 20 प्रजातियों के 94 श्वान पहुंचे।
अलग-अलग रंग-रूप, कद-काठी में पंजीकृत श्वानों ने अपने हैरतअंगेज कारनामों और हुनर से श्वान पालकों को रोमांचित किया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि सीमा सुरक्षा बल के उपमहानिरीक्षक पीयूष मोरदिया , विशिष्ट अतिथि महापौर नारायण चौपड़ा और विवि कुलपति प्रो. ए.के.गहलोत की अध्यक्षता में डॉग-शो का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर अतिथियों ने विश्वविद्यालय की ओर से श्वानों पर प्रकाशित तीन फोल्डर का भी विमोचन किया। मुख्य अतिथि पीयूष मोरदिया ने इस आयोजन को बेहतरीन बताते हुए बीएसएफ द्वारा भी बीकानेर में डॉग शो का आयोजन कर श्वान पालन के प्रति लोगों को जागरूक करने की बात की। कार्यक्रम में विवि के वित्त नियंत्रक अरविंद बिश्नोई, केनाइन वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. पी.आर.जटकर, प्रो.अनिल आहुजा, प्रो. त्रिभुवन शर्मा, प्रो.जे.एस.मेहता आदि शामिल हुए। संचालन डॉ. दीपिका धूड़िया और डॉ. प्रवीण बिश्नोई ने किया।
डॉग शो के दौरान करतब दिखाता श्वान।
विजेता श्वानों को पदक, पालकों को प्रशस्ति पत्र
प्रतियोगितामें विजेता श्वानों को पदक और पालकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर पुरस्कृत किया। जर्मन शेफर्ड नस्ल में ऋषिराज आसोपा का श्वान प्रथम, रोटव्हीलर में सुरेंद्र डागा, पिट बुल में भानुप्रताप, सैंट बरनार्ड में तुषार, ग्रेटडेन में भवानी, पक बुली में गजराज, पग में डॉ. अनिल, लार्ज ब्रीड में टी.एस.मुंडा, स्पिट्ज में जसबेन सिंह, स्माल ब्रीड में सौरभ रिपुदमन सिंह का श्वान प्रथम रहा। वहीं फैंसी ड्रेस में करण के स्पिट्ज और आज्ञाकारिता में मालू खां के श्वान विजेता रहा।