सड़क के काम का ठेका किसी को, काम कोई और करवा रहा
बीकानेर | केंद्रीयपरिवहन विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 15 बीकानेर-कोलायत-नोखड़ा भाग में सड़क चौड़ाई करण एवं उन्नयन के निर्माण कार्य का कार्य जिस कंपनी को आबंटित किया, उसे कंपनी की बजाय कार्य कोई और ठेकेदार करवा रहे हैं। अन्य ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्य में कार्य की गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। इसकी जानकारी कोलायत क्षेत्र के आमजन एवं स्थानीय नागरिकों ने पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी को दी। भाटी ने इस बारे में चार सूत्रीय तथ्य जुटाते हुए केंद्रीय परिवहन मंत्री को पत्र भेजा है। उनका आरोप है कि सड़क चौड़ाई करण कार्य में ग्रेवल की गुणवत्ता मानक स्तर पर नहीं है। नाल हवाई अड्डा फांटा से सांखला फांटा तक अत्यधिक चिकनी ग्रेवल सड़क के निर्माण कार्य में काम में ली जा रही है। कुछ जगहों पर ग्रेवल, मिट्टी की जगह बजरी की खानों एवं चाइना क्ले की खानों से निकलने वाली व्यर्थ आवर बर्डन सामग्री का प्रयोग हो रहा है। बीते वर्षों में इस सड़क का प्रस्तावित टोल प्लाजा पाइंट से सांखला फांटा तक एकल लेन से इंटरमिडिएट लेन तथा इंटरमिडिएट लेन से दोहरी लेन के लिए किए गए कार्य में ठेकेदारों की मिली भगत के कारण अत्यधिक चिकनी मिट्टी काम में ली गई थी जिस कारण सड़क का संबंधित भाग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और खड़क को खोद कर पुनर्निर्माण करना पड़ा था जिसके चलते सरकार को करोड़ों का नुकसान हुआ था।