एक ही रात में ज्वैलरी की दो दुकानों में सेंधमारी
क्राइम रिपोर्टर | बीकानेर/खाजूवाला
चोरोंने एक ही रात में बीकानेर और श्रीगंगानगर में ज्वैलरी की दो दुकानों में सेंधमारी की और सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान चुरा ले गए।
नई सफेद पिकअप गाड़ी में सवार चोरों ने पहले श्रीगंगानगर के रावला क्षेत्र में शिव चौक के पीछे मदन सोनी की ज्वैलरी की दुकान में सेंधमारी की। वहां सोने-चांदी का सामान, इक्वेटर, बैटरी चुरा ली। इसकी जानकारी मिलने पर वहां की पुलिस ने चोरों का पीछा भी किया, लेकिन वे फरार हो गए और बीकानेर के खाजूवाला में पहुंच गए। यहां पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन चोरों ने खाजूवाला मंडी में सोसायटी रोड पर रमेश कुमार सोनी की दुकान के ताले तोड़ लिए और अंदर घुस गए। चोर रात को 3.07 बजे दुकान में घुसे और करीब 17 मिनट में वहां रखे चांदी के जेवरात और एलईडी टीवी चुरा ली। वारदात के बाद चोर पिकअप में सवार होकर फरार हो गए, लेकिन उनके फुटेज दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। दोनों थानों की पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है, लेकिन उनका पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि चोर शातिर हैं और उन्होंने ज्वैलरी की दुकानों को ही टारगेट बनाया था।
दुकान का काउंटर जहां से चोरों ने माल साफ किया।
घटना स्थ्ल का मौका मुआयना करती पुलिस की टीम।
^दुकान में लगे सीसीटीवी के फुटेज के अलावा आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाल रहे हैं। चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। -हरजिन्दरसिंह, खाजूवाला पुलिस थाना एसएचओ
^रावलामें ज्वैलरी की दुकान में चोरी का मुआयना किया है। रात को पिकअप में सवार चोरों का पीछा भी किया था, लेकिन वे खाजूवाला की ओर फरार हो गए थे। चोरों की खोजबीन की जा रही है। -अरविन्द बेरड़, रावला पुलिस थाना एसएचओ