जोधपुर डिस्कॉम के जेईएन के खिलाफ दर्ज होगा मुकदमा
भ्रष्टाचारनिरोधक ब्यूरो ने बासी बरसिंगसर में थ्रेसर मशीन कारखाने के मालिक से रिश्वत लेने के आरोप में जोधपुर डिस्कॉम के कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्णय लिया है।
ब्यूरो की एसपी ममता राहुल बिश्नोई ने बताया कि जोधपुर डिस्कॉम के देशनोक जेईएन बालमुकुन्द मीणा ने पलाना में थ्रेसर मशीन की मरम्मत का कारखाना चलाने वाले पर बिजली चोरी का आरोप लगाया और कार्यवाही की धमकी देकर रिश्वत ली थी। आरोपी ने कारखाने के मालिक बासी बरसिंगसर निवासी परिवादी गिरधारीलाल सुथार से 25,000 रुपए की रिश्वत मांगी और बाद में 20,000 रुपए में सौदा तय किया था। परिवादी की शिकायत पर ब्यूरो ने ट्रेप का आयोजन किया था, लेकिन उसे भनक लग गई। आरोपी ने शेष राशि नहीं ली, लेकिन रिश्वत की मांग करना और 9,500 रुपए लेने की पुष्टि हो गई थी। इसकी रिपोर्ट बनाकर एसीबी के मुख्यालय को भेजी गई जहां आरोपी जेईएन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्णय लिया गया है।
यह था मामला
एएसपीपर्बतसिंह राठौड़ ने बताया कि बासी बरसिंगसर निवासी गिरधारीलाल सुथार ने 26 नवंबर, 15 को एसीबी की स्पेशल यूनिट को शिकायत की थी कि उसका गांव में थ्रेसर मशीन की मरम्मत का कारखाना है। वहां बिजली के 25 केवी और पांच केवी के दो कनेक्शन ले रखे हैं। जेईएन बालमुकुन्द ने कारखाने में पहुंचकर धमकाया कि तुम लोड ज्यादा खर्च कर बिजली चुराते हो। उसने कार्यवाही की धमकी दी और 10,000 रुपए ले लिए। बाद में उसके कारखाने का 25 केवी का मीटर टूट गया जिससे रीडिंग बंद हो गई, लेकिन बिजली चालू रही। मीटर बदलने के लिए डिस्कॉम में रिपोर्ट भी दे दी थी। जेईएन मीणा ने मीटर नहीं बदला और कहा कि 25,000 रुपए दे दो और ऐसे ही बिजली काम में लेते रहो। बाद में 20,000 रुपए में सौदा तय हो गया और 9,500 रुपए ले भी लिए। परिवादी 28 नवंबर, 15 को शेष राशि लेकर देशनोक में करणी माता मंदिर के पास पहुंचा जहां आरोपी जेईएन को शक हो गया। उसने रिश्वत की राशि नहीं ली और अपना मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया था।