पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एटीएम में कुंदी तोड़कर घुसे मिस्त्री भीड़ को देख पिटाई के डर से भागे

एटीएम में कुंदी तोड़कर घुसे मिस्त्री भीड़ को देख पिटाई के डर से भागे

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गंगामंदिर के पास चौबुर्जा बीच बाजार में स्थित पीएनबी के एटीएम में मंगलवार दिनदहाड़े केबिन की कुंदी तोड़कर घुस रहे तीन लोगों की घर खाना खाकर लौटे गार्ड से टोकने पर मारपीट हो गई। बाजार के लोगों की भीड़ होने पर वह मौके पर बाइक छोड़कर भाग गए।

पुलिस मौके से बाइक को थाने ले गई। परंतु बाद में शाम को पुलिस जांच में पता चला कि मामला झूठा है। गार्ड से हुई मारपीट के बाद भीड़ एकत्रित होते देखकर भागने वाले लोग बदमाश नहीं थे, बल्कि एटीएम में मरम्मत कार्य के लिए आए थे। वह लोगों की भीड़ की पिटाई के डर से बाइक छोड़कर भाग गए थे, जिसे पुलिस मथुरागेट थाना ले गई। मौके पर पहुंचे मथुरागेट थानाधिकारी वीरेंद्र शर्मा को गार्ड देवेंद्र शर्मा ने बताया था कि वह दोपहर को खाना खाने घर गया था। पीछे से तीन लोग एटीएम में घुस गए और केबिन का ताला नहीं टूट पाने पर उसकी कुंदी को तोड़ दिया। अंदर दीवार में से भी ईंट निकली हुई है, जो सेंध लगाई गई है।

वह खाना खाकर लौटा तो उसने कुंदी तोड़ने अंदर घुसने पर एतराज जताया। वह बैंक के ही आदमी बन रहे थे, जिन्होंने मारपीट की। लोगों की भीड़ होने पर बाइक को सड़क पर छोड़कर भाग गए। एसपी राहुल प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की गई तो बैंक मैनेजर ने बताया कि वह लोग मरम्मत कार्य के लिए भेजे गए थे।

वहां गार्ड नहीं मिला, इसलिए कुंदी तोड़कर काम शुरू कर दिया था। विवाद के चलते भीड़ होने पर पिटाई के डर से भाग लिए। एटीएम लूटपाट की घटना नहीं है।

भरतपुर. गंगा मंदिर के पास चौबुर्जा स्थित एटीएम पर लूटपाट की सूचना के बाद जांच करने पहुंची पुलिस।

पुलिस की रात्रि गश्त से रुकी वारदातें

शहरमें पूर्व में भी एटीएम पर एटीएम कार्ड बदलकर रुपए निकालने की वारदातें हो चुकी हैं। यही कारण है कि पिछले कुछ माह के अंतराल में कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी हैं। ऐसे में पुलिस की ओर से शहर के सभी एटीएम पर रात के समय सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। रात के समय पुलिस गश्त करने वाली टीम प्रत्येक एटीएम पर जाकर सोते गार्डों को जगाती है। साथ ही उसकी उपस्थिति की प्रमाणिकता के लिए हस्ताक्षर कराए जाते हैं। शहर ही नहीं जिले में इससे काफी हद तक एटीएम पर होने वाली वारदातों की संख्या में भी कमी आई है।

खबरें और भी हैं...