जल स्वावलंबन कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश
भरतपुर| जिलाकलेक्टर रवि जैन की अध्यक्षता में अटल सेवा केन्द्र में विकास एवं पंचायती राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मनरेगा योजना की प्रगति की समीक्षा में सभी ग्राम पंचायतों में कार्य शुरू कर अधिकाधिक श्रमिक नियोजन करने के साथ ही तीन दिवस में सभी ग्राम पंचायतों के अनाज भंडारण केन्द्रों, स्कूलों के खेल मैदान एवं बाउंड्रीवाल निर्माण के प्रस्ताव भिजवाने, नरेगा श्रमिकों की भामाशाह सीडिंग कार्य को फरवरी माह में ही पूर्ण करने, ग्राम पंचायतों को खुले से शौच मुक्त बनाने के लिये शौचालय निर्माण में गति लाने के निर्देश दिये। इस मौके पर पीगोंरा, जनूथर, मुरवारा, सुंदरावली, भैंसीना, खरैरी एवं ब्रह्मवाद में किसान सेवा केन्द्रों का निर्माण सात दिवस में शुरू कराने के साथ ही नए स्वीकृत 74 केन्द्रों के निर्माण एवं मरम्मत के प्रस्ताव संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।