दौसा। सदर थाना इलाके का गांव भांडारेज। महीने भर से यहां आगजनी की अजीब घटनाएं हो रही हैं। इस वारदात को कौन और क्यों अंजाम दे रहा है, पुलिस अब तक इसकी वजह नहीं तलाश सकी है। गांव वालों ने इतना जरूर बताया कि मकानों में आग लगाने के बाद बाइक सवार कुछ संदिग्धों को फरार होते देखा गया।
फिलहाल पुलिस की नाकामी का दंश गांव वाले झेल रहे हैं। फिर किसी का आशियाना आग में जले, इसलिए गांव के कई पुरुष पहरेदारी कर रहे हैं। इसका फायदा भी मिला। गांव वालों की सजगता से दो घटनाएं बच गईं। गांव वालों ने बदमाश को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
बाइक से आए और जला दिए घरौंदे
सरपंच रामजीलाल खटीक ने बताया कि 14 जनवरी की रात बाइक सवार बदमाशों ने पेट्रोल डालकर 1008 यज्ञकर्ता विजयदास महाराज की कुटिया जला दी थी। 15 जनवरी की रात श्यालुता ढाणी निवासी रामजीलाल सैनी के कच्चे घर में उसी तरह आग लगा दी।
16 जनवरी की रात सुरजन सैनी, 18 की रात पप्पू लाल सैनी के घर आग लगा दी थी। 20 जनवरी की रात्रि कमरे में सोए लल्लूराम सैनी के परिवार पर रोशनदान से ज्वलनशील पदार्थ डालकर उन्हें जलाने का प्रयास किया। लोग तो बच गए, लेकिन कमरे में रखा काफी सामान जल गया।
सजगता से दो घटनाएं नाकाम
7 फरवरी की रात करीब 12 बजे एक युवक नीबू वाली ढाणी में पैदल आया। पहरा दे रहे गांव वालों ने उसे देख लिया। दौड़ाया, घेराबंदी कर ली। गांव वालों को देखकर वह सरसों के खेत में जा घुसा। अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसी तरह 9 फरवरी की रात मालियों की ढाणी में पैदल आए एक बदमाश को भी गांव वालों ने देख लिया। वह भी भागने में कामयाब हो गया, लेकिन लोगों की सजगता से हादसा टल गया।
कड़ी गश्त के निर्देश दिए थे
कलेक्टर के आदेश पर सदर थाना पुलिस को कड़ी गश्त के निर्देश दिए थे। पुलिस ने अब तक क्या कार्रवाई की, मुझे पता नहीं। अरविंदकुमार शर्मा, तहसीलदार, दौसा
सिरफिरे की करतूत
ये कुछ सिरफिरे लोगों की करतूत है। पुलिस इसके लिए सतर्क है। गांव में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है। सीएलजी की बैठकें कर लोगों को जाग्रत किया गया है। शीघ्र ही इस तरह की घटनाओं पर अंकुश पा लिया जाएगा। राजेंद्रत्यागी, सीओ पुलिस।