दौसा. कस्बे में एक भूखंड पर रविवार रात को कुछ लोगों ने टीन शेड डालकर अतिक्रमण कर लिया। इसके विरोध में लोगों ने सोमवार को पाले माता चौराहे पर दौसा-पापड़दा मार्ग पर करीब सवा घंटे जाम लगा दिया। इससे यातायात बाधित रहा।
कच्चे खंडहर घरों के भूखंड पर टीन शैड डालकर अतिक्रमण करने का पता चलने पर लोग पाले माता चौराहे पर एकत्र हो गए तथा विरोध जताया।
लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इससे यातायात बाधित रहा। वाहन मुख्य बाजार अन्य रास्तों से निकले। इस दौरान रोडवेज बस भी खड़ी रही। सूचना पर नांगल राजावतान थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा जाम खुलवाकर रास्ता सुचारू किया। इस दौरान लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। एएसआई सुभाष शर्मा ने बताया कि मौके से अतिक्रमियों का सामान जब्त कर लिया।
पुराने रोडवेज स्टैंड पर अतिक्रमण
दौसा | गांधी तिराहे के समीप पुराने रोडवेज बस स्टैंड पर थड़ी-ठेले लगाकर किया गया अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभारी ने कलेक्टर को पत्र भेजा है। रोडवेज के स्थान प्रभारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि यात्रियों को पानी के लिए लगाई गई प्याऊ के आगे थड़ी ठेलों का अतिक्रमण हो रहा है। इससे प्याऊ लोगों को नजर ही नहीं आती। स्टैंड पर बसों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड पर अवैध वाहनों का जमावड़ा रहता है। उन्होंने अतिक्रमण अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
मीरा कॉलोनी के रास्ते में अतिक्रमण : मीराकॉलोनी में आम रास्तों पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत नागरिकों ने कलेक्टर से की है। रामावतार टेलर, हरिसिंह आदि ने बताया कि मीरा कॉलोनी में नागरिकों प्रोपर्टी डीलर के मध्य समझौता हुआ था।
इसमें आम रास्ते की चौड़ाई तय की गई थी। अब इस रास्ते में निर्माण कर एक जने ने 12 फुट जमीन पर अतिक्रमण कर इस जगह को किलर पाइंट बना दिया है। रास्ते में पूर्व में सीसी रोड बना हुआ था। इस पर अतिक्रमण किया जा रहा है। नागरिकों ने कलेक्टर से आम रास्ते पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग की है।