दौसा. वायरल के प्रकोप के चलते जिला अस्पताल में सात दिन में 13 हजार मरीज आए हैं। औसत अस्पताल में रोज करीब 1200 मरीज आते थे, जो अब बढ़कर करीब 1810 हो गया हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या बढ़ने से मेडिकल वार्ड में जगह नहीं रही।
बुधवार को भी जिला अस्पताल के आउटडोर में मरीजों की काफी संख्या रही। इसके चलते डॉक्टरों के यहां मरीजों की भीड़ लगी रही। दोपहर में आउटडोर का समय पूरा होने के बाद कई मरीज दिखाने से वंचित रह गए। भर्ती मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। 41 बेड की क्षमता वाले मेडिकल वार्ड में दोपहर 2 बजे तक 61 मरीज भर्ती थे। इसके चलते बैंच पर मरीज भर्ती कर रखे थे। शिशु वार्ड में भी भर्ती करने के लिए जगह नहीं हैं। अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा होने से प्रयोगशाला में भी जांच बढ़ गई।
दौसा| कोर्ट परिसर में बुधवार को एक बंदी की तबीयत बिगड़ गई। उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस लाइन के चालानी गार्ड बंदी घनश्याम मीणा निवासी खेड़ा थूमड़ी को जिला कारागृह से कोर्ट में पेशी पर लाए थे। दोपहर में घनश्याम बेहोश हो गया।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस पहुंची तथा घनश्याम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बंदी की निगरानी के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। घनश्याम मीणा 18 सितंबर से जेल में हैं। उसको सैंथल थाना पुलिस ने 17 सितंबर को बापी से शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया था।
स्क्रब टाइफस के इस साल अब तक 20 मरीज
इन दिनों स्क्रब टाइफस को जोर भी बढ़ रहा है। एक सप्ताह में सात मरीजों के स्क्रब टाइफस की पुष्टि हुई है, जबकि जिले में जनवरी से अब तक 20 मरीजों के स्क्रब टाइफस की पुष्टि हो चुकी है। स्क्रब टाइफस की जांच के लिए अस्पताल में सुविधा नहीं होने पर जांच जयपुर में कराई जा रही है।