दौसा/दौसा (ग्रामीण)। सदर थाना इलाके में नांगल चांपा के समीप कार में सवार बदमाश शुक्रवार रात मालिक ड्राइवर को बंधक बनाकर टेंपो में रखा डीजे साउंड सिस्टम,
मोबाइल नकदी लूट ले गए। पीड़ित शनिवार सुबह थाने पहुंचे तथा घटना की सूचना दी।
बीनावाला निवासी सरदार बैरवा सैंथल में डीजे साउंड की दुकान करता है। सरदार बैरवा ने बताया कि गुरुवार शाम 5 बजे उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया और उसने कार्यक्रम के लिए डीजे साउंड बुक करने की बात कही। शुक्रवार सुबह भी उसका फोन आया तथा 2800 रुपए में डीजे साउंड बुक कर लिया। शाम 4 बजे उसने फोन कर जल्द आने की बात कही।
शाम को वह ड्राइवर राधेश्याम के साथ मैजिक टेंपो में डीजे साउंड लेकर रवाना हो गया। नांगल चांपा के पास पहुंचते ही दो युवक मिल गए तथा दोनों को आगे ले गए। वहां एक कार में 7-8 जने और मिल गए। इस बीच आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी तथा कार में पटक लिया। बदमाशों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने पिस्तौल भी दिखाई। बाद में दोनों के हाथ-पैर बांध दिए तथा 3 मोबाइल, घड़ी, सोने चांदी की अंगूठी, सरदार के पास से 1800 राधेश्याम के पास से 3 हजार रुपए छीन लिए।
रात करीब 11 बजे दोनों को लाहड़ी वाला के पास पटक गए तथा टैंपो, डीजे साउंड सिस्टम, जनरेटर ले गए। मारपीट में दोनों के चोटें आई। दोनों ने जैसे-तैसे हाथ खोले तथा पैदल चल दिए। आगे चलकर थड़ी पर मिले एक व्यक्ति को घटना के बारे में बताया तथा जगह के बारे में पूछा। सरदार ने थड़ी वाले के मोबाइल से बैजवाड़ी में मामा को फोन किया तथा वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर दोनों बैजवाड़ी पहुंचे तथा घटना के बारे में बताया। शनिवार सुबह पीडि़त राणोली चौकी पहुंचे। वहां से दौसा भेज दिया।
यूं दिया वारदात को अंजाम :सरदार बैरवा ने बताया कि मोबाइल करने वाले व्यक्ति ने पहले नांगल बैरसी में कार्यक्रम बताकर डीजे साउंड बुक कर लिया। शुक्रवार शाम को फोन आया तो जल्दी रवाना होने की बात कही। सरदार ने नांगल बैरसी पास में होने की बात कही तो आरोपियों ने नांगल चांपा आने की बात कही। सरदार ने कहा कि नांगल बैरसी के लिए बुकिंग तय हुई है। इतनी दूर नहीं जाएंगे। इस पर उन्होंने और पैसे देने की बात कहकर बुला लिया। पीड़ित कुछ समझ नहीं पाए तथा टैंपो लेकर रवाना हो गए।
बदमाशों की तलाश के लिए टीम रवाना : ''सरदारबैरवा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कराया है। बदमाशों की तलाश के लिए टीम रवाना हो गई। बदमाशों को हर हाल में पुलिस खोज निकालेगी। इसमें कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।'' मुनींद्र सिंह, थानाधिकारी,सदर थाना, दौसा
जन्म दिन की पार्टी के बहाने मोबाइल पर बुकिंग कर बुलाया, टेंपो-डीजे साउंड सिस्टम नकदी ले गए।
(दौसा. डीजे साउंड टेंपो लूट के बाद शनिवार को सदर थाने पहुंचे पीड़ित।)