दौसा। शहर के वार्ड नं.28 के बैरवा हरिजन मोहल्ले में पानी नहीं मिलने पर गुरुवार को महिलाओं ने सांसद का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। सांसद शहर में स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करने आए थे। इस दौरान पानी की समस्या से त्रस्त दर्जनों महिलाएं पहुंच गई तथा सांसद का घेराव कर रोष जताया। महिलाओं का कहना था कि पानी के बिना दिनचर्या बिगड़ गई है।
जलदाय विभाग के अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं होती है। ऊंचाई वाले मोहल्लों में पानी आए लंबा अरसा गुजर गया। हैंडपंपों का पानी खारा है। महिलाओं की आपबीती सुनकर सांसद भी दंग रह गए। इस दौरान अधिकारी बगले झांकने लग गए।
कार्यक्रम के उद्घाटन के बीच अप्रत्याशित रूप से हुए विरोध प्रदर्शन पर अधिकारियों के हाथ पैर फूल गए। लोगों का कहना था कि जरूरत का एक तिहाई पानी उपलब्ध है। इसके बावजूद तीन दिन में भी पीने लायक पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। सांसद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निराकरण के लिए कलेक्टर मुक्तानंद अग्रवाल एवं जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। मौके पर जलदाय विभाग के जेईएन को बुलाया तथा सप्लाई दुरुस्त करने के आदेश दिए। उन्होंने लोगों को शीघ्र निराकरण करने का आश्वासन दिया।
पानी कम, मांग ज्यादा : जलदाय विभाग के होदायली, बाणगंगा नदी में लगे ट्यूबवेलों से पानी की आवक कम होने के कारण शहर में पानी का संकट गहराने लगा है। होदायली, बाणगंगा नदी, छतरी वाली ढाणी के ट्यूबवेलों के अलावा करीब एक माह पूर्व धर्मपुरा के ट्यूबवैल चालू होने के बाद 32 से 33 लाख लीटर पानी रोजाना मिल रहा है, जबकि शहर की आबादी के अनुसार रोजाना सप्लाई के लिए करीब 100 लाख लीटर पानी की जरूरत है। इन दिनों सात दिन में पानी रहा है।
लाइनों में लीकेज भी बाधक: पानी सप्लाई में बिजली कटौती लाइनों का लीकेज भी बाधक है। इससे कई दिनों तक पानी नहीं आता। गत दिनों दर्जनों बार लाइन टूटने से लाखों लीटर पानी बह गया। इस दौरान शहर की सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ा गई थी। होदायली, बाणगंगा, छतरी वाली ढाणी धर्मपुरा में 33 ट्यूबवैल चालू हैं। इनसे रोजाना 32-33 लाख लीटर पानी का संग्रहण हो रहा है।
अवैध कनेक्शनों की भरमार : शहर में अवैध नल कनेक्शनों की भरमार है। लोगों ने मनमर्जी से कनेक्शन करा रखे हैं। जलदाय विभाग को जानकारी होने के बावजूद अवैध कनेक्शन काटने के लिए अभियान नहीं चलाया जा रहा है।
कलेक्टर ने भी माना पानी की गंभीर समस्या है यहां : सांसद के घेराव के दौरान कलेक्टर मुक्तानंद अग्रवाल ने भी सांसद को बताया कि शहरी क्षेत्र में पानी की बहुत बड़ी समस्या है। समस्या के निराकरण के लिए नए ट्यूबवेल तैयार कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
(दौसा. वार्ड28 में पानी की समस्या को लेकर गुरुवार को सांसद का घेराव करती महिलाएं।)