शिव तांडव देख रोमांचित हुए भक्त
दौसा | श्याममंदिर चरण धाम के पाटोत्सव के दौरान शुक्रवार को भागवत कथा शुरू हुई। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
इस दौरान कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन सुनाए। भजनों पर श्रोता भाव विभोर हो गए, वहीं शिव तांडव की प्रस्तुति पर लोग रोमांचित हो उठे। कथा में प्रवचन करते हुए डॉ. कृष्णानंद महाराज ने कहा कि भक्ति के बिना मानव का जीवन व्यर्थ है। उन्होंने कहा कि अहंकार से ही व्यक्ति का पतन होता है, जबकि विनय सहनशील व्यक्ति पर भगवान कृपा करते हैं। कथा में शिव तांडव की प्रस्तुति दी गई। जिस पर भक्त भाव विभोर हो गए. भागवत कथा 18 फरवरी तक रोजाना सुबह 11 से शाम 4 बजे तक चलेगी।
आज भजन संध्या में अलौकिक झांकी: मंदिर ट्रस्ट के राजेश ठाकुरिया ने बताया कि 13 फरवरी को शाम 5 बजे भजनामृत रस गंगा का आयोजन होगा। इस अवसर पर कोलकाता के कलाकारों द्वारा श्याम प्रभु की अलौकिक झांकी सजाई जाएगी। कार्यक्रम में राजू मेहरा कोलकाता एवं गिरिराज सागर दिल्ली आदि कलाकार प्रस्तुति देंगे। मुख्य अतिथि रमेश खंडेलवाल एवं संजय नारायण करनानी होंगे। विधायक शंकर शर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। नंदकिशोर, लक्ष्मीनारायण सैनी, बृजमोहन, राजू खंडेलवाल, मुरलीधर, कैलाश चंद नाटाणी, हरनीश जैन, गिरिराज प्रसाद, राधेश्याम डंगायच विशिष्ट अतिथि होंगे।
शिवरात्रिपर इस बार कुंभ राशि में पांच ग्रहों का योग
दौसा | महाशिवरात्रि पर इस बार कुंभ राशि में पांच ग्रहों का योग बनेगा। यह योग कई दशक बाद बना है। पं. कांता प्रसाद महेश्वरा ने बताया कि महा शिवरात्रि पर 7 मार्च को दोपहर 2:51 बजे कुंभ राशि में चंद्रमा रहेगा। इसमें पांच ग्रहों चंद्र, सूर्य, बुध, शुक्र केतु का योग रहेगा। उन्होंने बताया कि शिवरात्रि पर निशीथ काल में रात 12:13 से 01:02 बजे शिव पूजा करना श्रेष्ठ रहेगा। चार प्रहर की पूजा शाम को 6:27 से रात 9:32 तक, द्वितीय प्रहर 9:33 से 12:37 तक, तृतीय प्रहर 12:38 से 3:42 तक एवं चतुर्थ प्रहर सुबह 6:47 बजे होगी। इनमें प्रदोष काल, निशीथ काल, त्रियामा काल उषा काल में शिव पूजा होगी।