पुलिस पर पथराव, मारपीट केस में एक आरोपी गिरफ्तार
रोजगार मेले में उमड़ी भीड़
सिकराय | मानपुरथाना पुलिस ने बुधवार को करीब दो साल पहले गनीपुर गांव में पुलिस को घेरकर पथराव मारपीट करने तथा एक परिवार को समाज से बेदखल करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मानव अधिकार आयोग के निर्देश पर समाज से बेदखल परिवार को फिर से बसाने के लिए लोगों को समझाइश के लिए गई थी, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस को घेरकर मारपीट कर दी थी।
थानाप्रभारी रविंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि 19 फरवरी 2014 को तत्कालीन थानाप्रभारी रविंद्रसिंह ने गनीपुर गांव के हरिसिंह, बब्लूसिंह, जवानसिंह, मोहरसिंह, गोपी, मुकेश, उर्मिला, सुनील, रूमाली, केशंती, मलूकी सहित अन्य लोगों के खिलाफ घेराबंदी कर पुलिस जाब्ते के साथ मारपीट, पथराव राजकार्य का बाधा मामला दर्ज कराया था। इसी प्रकार समाज से बेदखल परिवार की महिला बिरमा देवी ने भी घर में तोड़फोड़, आगजनी मारपीट कर गांव से बाहर निकालने का मामला दर्ज कराया था।
उन्होंने बताया कि दोनों मामलों के आरोपी मोहरसिंह मीना निवासी गनीपुर को बुधवार को मुखबिर की सूचना पर सिकराय कस्बे से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच के बाद 17 आरोपियों को नामजद किया गया है। जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। हमले के दौरान थाने के एएसआई अभयसिंह रामचंद्र तथा कांस्टेबल भीमसिंह घायल हो गए थे। उधर, पुलिस के खिलाफ भी ग्रामीणों की ओर से अदालत में भी इस्तगासा पेश किया था।