पुलिस लाइन के मैस में खाना खाते सिपाही झगड़े, एक को सरिए से मारा
पुलिसलाइन की मैस को आरएसी के दो कांस्टेबलों ने अखाड़ा बना दिया। दोनों कांस्टेबलों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में एक कांस्टेबल गंभीर घायल हो गया। सरिए की चोट लगने से बेहोश होकर मैस में ही गिर गया, जिसे तुरंत बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इस संबंध में बुधवार को घायल कांस्टेबल ने सदर थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया।
घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। कांस्टेबल यादराम मैस में खाना खा रहा था। इस दौरान नशे में धुत कांस्टेबल फूलसिंह मैस में आया। किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। कहासुनी से बात शुरू होकर हाथपाई और मारपीट तक पहुंच गई। नशे में फूलसिंह ने सरिया उठाकर यादराम को मारना पीटना शुरू कर दिया। चोट लगने से यादराम बेहोश होकर लड़खड़ा कर जमीन पर गिर पड़ा। यह देख बीच बचाव करने वालों के हाथ-पैर फूल गए। साथी स्टाफ ने घायल यादराम को तुंरत जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जबकि मौका पाकर फूलसिंह फरार हो गया। इस संबंध में बुधवार को कांस्टेबल यादराम पुत्र भूरसिंह ने फूलसिंह के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई।
न्यूजचैनल का कैेमरामैन घायल
दौसा| अलवरसे जयपुर लौट रहे एक न्यूज चेनल का कैमरामैन की गाड़ी भांडारेज के पास पलट गई। हादसे में कैमरामैन घायल हो गया, जिसे सदर थाना पुलिस ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। हैड कांस्टेबल हंसराज गुर्जर ने बताया कि हादसा मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। भांडारेज से एक किमी दूर दौसा की तरफ हाइवे पर कार पलट गई। कार में सवार एक न्यूज चैनल का कैमरामैन कमल सिंह रावत घायल हो गया।