हनुमनथप्पा को श्रद्धांजलि दी
भ्रष्टाचार के उन्मूलन से ही होगा विकास
राजकीयमहिला कॉलेज में गुरुवार को भ्रष्टाचार विषय पर व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। इसमें उद्बोधन देते हुए प्रसिद्ध अर्थशास्त्री सी.एल. बरला ने कहा कि भारत में भ्रष्टाचार सभी बुराइयों की जड़ है। इसके उन्मूलन से ही देश में विकास को गति दी जा सकेगी।
कालेज में युवा विकास केंद्र एवं योजना मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस व्याख्यान के दौरान बरला ने कहा कि जब तक हम नियमों को तोड़ते रहेंगे भ्रष्टाचार कायम रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज कार्यपालिका के स्तर पर अनिर्णय की स्थिति है। क्योंकि निर्णय लेने के साथ उत्तरदायित्व भी आता है। अनिर्णय की स्थिति में देश को परियोजनाओं का समय पर लाभ नहीं मिल पाता, वहीं लागत वृद्धि का आर्थिक बोझ भी झेलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रकरण लंबित करके सौदेबाजी को न्योता देकर जनता को तंग करते हैं। लोगों से दुर्व्यवहार, पक्षपात, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के अभाव में भ्रष्टाचार बढ़ता है। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षक छात्रों में जीवन मूल्यों की स्थापना नहीं करेंगे देश से भ्रष्टाचार दूर नहीं हो सकेगा। शिक्षाविद डॉ. ओ.पी. गुप्ता ने कहा कि हमारा कर्तव्य बोध सजगता ही भ्रष्टाचार को दूर करने का मार्ग हो सकता है। भ्रष्टाचारियों का सम्मान होने से ही भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। ऐसे लोगों की समाज में उपेक्षा और निंदा होनी चाहिए। डॉ. कल्याण सहाय शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में भ्रष्टाचार को सामाजिक स्वीकार्यता मिलती जा रही है। समाज का रूपांतरण हो रहा है। प्राचार्य डॉ. शंकर लाल शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि साध्य एवं साधन की सुचिता के माध्यम से ही भ्रष्टाचार जैसी समस्या से छुटकारा पाया जा सकेगा। कार्यक्रम का संचालन युवा विकास केंद्र की संयोजिका डॉ. रश्मि चतुर्वेदी ने किया। प्रभारी डॉ. संतोष राठौड़ ने आभार व्यक्त किया। प्रभुनारायण शर्मा, भगवान सहाय मीणा, के.डी. शर्मा, राधेश्याम शर्मा, डॉ. अरविंद आचार्य, डॉ. जसलीन कौर, डॉ. नरेंद्र परेवा आदि उपस्थित थे।
दौसा. महिलाकॉलेज संगोष्ठी को संबोधित करते अतिथि।