भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल
प्रदेशकांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष एवं मीडिया चेयरपर्सन डॉ. अर्चना शर्मा ने कहा कि राज्य में जनता का सरकार के प्रति अविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि नीतिगत फैसले लेने में सरकार की विफलता सामने आई है।
सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र राज्य की सरकार के बीच समन्वय के अभाव का खामियाजा जनता को उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस सरकार की जन कल्याण की योजनाओं को राजनीतिक द्वेष के चलते रोका गया है। सरकार के मंत्री अधिकारियों पर खुलेआम आरोप लगाकर व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार पर मुहर लगा रहे हैं। पुलिस की कार्य प्रणाली को खुद गृह मंत्री ने कटघरे में खड़ा किया है। भाजपा की शिक्षा नीति छात्रहितों से ज्यादा अपनी विचारधारा को अधिरोपित करने पर केंद्रित है। उच्च शिक्षण संस्थाओं में सरकारी हस्तक्षेप बढ़ने से उनकी स्वायत्तता को आघात पहुंचा है। प्रदेश में महिला उत्पीड़न बढ़ने के कारण असुरक्षा का माहौल रहा है। अनुसूचित जाति, जनजाति पर बढ़े अपराध ने प्रदेश की साख पर बट्टा लगाया है। युवाओं, बेरोजगारों को छलने के लिए आरटेट का नाम बदलकर रीट का आयोजन कर सरकार ने नई दुविधा को जन्म दे दिया।, जबकि वर्ष 2012 में चयनित 40 हजार शिक्षक आज भी नियमितीकरण की बाट जोह रहे हैं। बजट से पूर्व सरकार द्वारा छह प्रतिशत वेट लगाकर अलोकतांत्रिक प्रक्रिया को अंजाम दिया गया है।