पहले दिन सिर्फ अल्टीमेटम, चालान की कार्रवाई आज से
रेलवेपुलिया के नीचे से दौसा-जयपुर के बीच चलने वाली टैरेक्स जीप मिनी बस चालकों की हरकतों से यातायात पुलिस परेशान है। एक दिन पहले बुधवार को यातायात पुलिस और नगर परिषद के अधिकारियों के साथ बैठक में यह तय हुआ था कि रेलवे पुलिया के नीचे प्राइवेट वाहनों का जमावड़ा नहीं रहेगा।
एक समय में एक टैरेक्स जीप एक ही मिनी बस खड़ी रहेगी। दोनों सवारी भरने पर रवाना होने के बाद दूसरी गाड़ी आएगी, लेकिन समझौता वार्ता में लिए निर्णय को दूसरे ही दिन नहीं मानने पर गुरुवार को टीआई प्रदीप सिंह ने वाहन चालकों को अल्टीमेटम दिया। इसके बाद भी आदत से बाज नहीं आए तो शुक्रवार से चालान की कार्रवाई की जाएगी।
टीआई प्रदीप सिंह का कहना है कि रेलवे पुलिया के नीचे प्राइवेट वाहनों को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।
बुधवार को समझौता हो गया था कि दौसा-जयपुर के बीच चलने वाले प्राइवेट वाहन अब सैंथल मोड़ पर खड़े होंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे पुलिया के नीचे एक-एक जीप मिनी बस खड़ी होगी।
इसके बाद गुरुवार को काफी वाहन खड़े कर दिए। इस पर प्राइवेट वाहन चालकों को टीआई प्रदीप सिंह ने अल्टीमेटम दिया कि पुलिया के नीचे एक-एक ही जीप बस खड़ी करें। वरना शुक्रवार से चालान की कार्रवाई शुरू की जाएगी।