वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने की मांग, कर्मचारी एकजुट
दौसा | शेट्टीवेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने की मांग के सिलसिले में न्यायिक कर्मचारी एकजुट हो गए हैं। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद आयोग की सिफारिशों को लागू करने में टालमटोल रवैए से न्यायिक कर्मचारियों में कड़ा आक्रोश है। न्यायिक कर्मचारियों ने गुरुवार को डीजे को ज्ञापन दिया और सामूहिक अवकाश लेकर 15 फरवरी से अनिश्चितकालीन आंदोलन पर उतरने के बारे में अवगत कराया।
राजस्थान न्यायिक कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मुरारीलाल मीणा ने बताया कि शेट्टी अायोग द्वारा अधीनस्थ न्यायालयों के कर्मचारियों के लिए नवीन पदों का सृजन एवं संशोधित वेतनमान अन्य सुविधाओं की अनुशंषा की गई। उक्त आदेश के अनुसार परिलाभ माह अप्रैल-2015 से लागू करने थे। इसके तहत 1 अप्रैल-03 से एरियर देना था, लेकिन अब तक सिफारिश लागू नहीं हुई। जिलाध्यक्ष मीणा ने बताया कि पहले 25 जनवरी को सामूहिक अवकाश पर जाना तय किया था, लेकिन हाईकोर्ट प्रशासन से हुई वार्ता के बाद इसे स्थगित कर दिया था। हाईकोर्ट प्रशासन ने 9 फरवरी तक अपने स्तर पर सिफारिशें लागू कराने का आश्वासन दिया, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इससे न्यायिक कर्मचारियों में आक्रोश है। अब न्यायिक कर्मचारियों ने तय कर लिया है कि सिफारिशें लागू करने से कम पर समझौता नहीं करेंगे और 15 फरवरी से सामूहिक अवकाश पर रहकर आंदोलन करेंगे।