दौसा। रेलयात्रियों के लिए खुश खबरी है। यात्री अब घर बैठे ही रविवार को भी रिजर्वेशन करा सकेंगे। यानी रविवार को रिजर्वेशन कराने के लिए जयपुर जाना नहीं पड़ेगा। संभवत इसी रविवार (8 फरवरी) से सातों दिन रिजर्वेशन खिड़की खुलेगी।
अभी दौसा में 6 दिन (सोम से शनि तक) ही रिजर्वेशन खिड़की खुलती थी। रिजर्वेशन टिकट का रिफंड लेने के लिए भी जयपुर जाना नहीं पड़ेगा। जल्द ही दौसा में ही यूटीएस कम पीआरएस की सुविधा शुरू होगी।
दौसा स्टेशन का मार्च में जीएम के निरीक्षण का कार्यक्रम है। इसके मद्देनजर शुक्रवार को मुख्य वाणिज्य मंडल प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) विवेक रावत दौसा आए। उन्होंने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। वहीं मीडिया कर्मियों से स्टेशन पर व्यवस्था सुधार और सुविधाएं बढ़ाने के सिलसिले में फीडबैक लिया।
मिल्क की एक और फूड की 11 स्टॉल लगेंगी : रावतशाम 4:30 बजे जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत से आए। वे यात्रियों के लिए कई नई सौगात लेकर आए। उन्होंने बताया कि दौसा स्टेशन पर जल्द ही मिल्क स्टॉल चालू होगी, जिस पर दूध के सभी पदार्थ मिलेंगी। वहीं खाने-पीने की 11 स्टॉल भी खुलेंगी। इसमें प्लेटफार्म-1 पर 6 तथा प्लेटफार्म-2 पर 5 स्टॉल खोली जाएंगी। बुक स्टॉल भी जल्द ही खोलने की बात कही। इसके अलावा वीआईपी रूम में एसी भी लगाया जाएगा। साथ ही आरओ के साथ वाटर कूलर लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को खारे पानी की समस्या से निजात मिलेगा। कई नई ट्रेनों के ठहराव की बात भी कही। यह भी कहा कि कोई व्यक्ति जेटीबीएस खोलना चाहता है तो तुरंत स्वीकृति दे दी जाएगी। फिलहाल तीन जेटीबीएस चालू है।
नई टोंटियां लगाने के आदेश : इस दौरान सबसे पहले सीनियर डीसीएम रावत ने नल की टोंटियां देखीं। कई टोंटियों को दबा कर देखा तो उनमें पानी का प्रेशर बहुत ज्यादा था। इस पर सीएमआई मुकुट मीणा को आदेश दिए कि टोंटियां बदली जाए। नई टोंटियां लगाई जाएं। प्लेटफार्म-2 पर पार्किंग की जगह भी देखी।
फुटओवर ब्रिज की सीढिय़ों पर शराब की एक खाली बोतल रखी थी, जिसे देख सीनियर डीसीएम ने एचआई विकास मीणा से कहा इसे हटवाएं। इसी प्रकार स्टेशन सुपरिटेंडेंट को निर्देश दिए कि स्वच्छता संबंधित बैनर पोस्टरों को हटाकर उन्हें फ्रेम में लगवाएं। विज्ञापन बोर्ड के फ्रेम ऊपर कराने के आदेश दिए।
सुलभ शौचालय में बंद पड़े एग्जास्ट फैन चालू कराने, डस्टबिन के फिक्स बॉक्स लगाने, टिकट घर के हॉल में हत्थे वाली बेंच लगाने, समय सारणी बोर्ड बड़ा लगाने, ट्रेनों की जानकारी का इलेक्ट्रिक बोर्ड नियमित चालू रखने के आदेश भी दिए। साथ ही एटीएम के पास सुलभ शौचालय के लिए जगह देखी तथा मुख्य गेट के बाहर नाले पर रखी पटरियों को भी देखा।
नाले पर रखी टूटी पटरियों को बदलने के निर्देश दिए। इस दौरान एनडब्ल्यूआर यूनियन के शाखा अध्यक्ष प्रहलाद सैनी ने स्टाफ क्वार्टरों की साफ सफाई का मुद्दा उठाया। इस पर सीनियर डीसीएम ने स्टेशन सुपरिटेंडेंट गिर्राज प्रसाद मीणा को क्वार्टर परिसर में नियमित सफाई कराने के आदेश दिए। जल्द ही स्टेशन सुपरिटेंडेंट की पोस्टिंग भी की जाएगी।
यूटीएम कम पीआरएस सुविधा शुरू होने से टिकट रिफंड के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा जयपुर
दौसा रेलवे स्टेशन
कोलवा में प्लेटफाॅर्म ऊंचा होगा
कोलवा स्टेशन की समस्याओं के बारे में आशीष शर्मा ने सीनियर डीसीएम को अवगत कराया। इसमें प्लेटफार्म की कमी, टिकट विंडो पेयजल आदि समस्याओं के बारे में चर्चा की। इस पर सीनियर डीसीएम ने कहा कि कोलवा स्टेशन पर सोलर लाइट लगाई हैं। बिजली कनेक्शन के लिए 70 हजार का एस्टीमेट बनाकर भेजा हुआ है। प्लेटफॉर्म भी ऊंचा किया जाएगा।