- Hindi News
- नई ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव के लिए आज अंतिम तारीख
नई ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव के लिए आज अंतिम तारीख
नईग्रामपंचायतों के गठन अथवा पुनर्गठन के लिए लोग शनिवार दोपहर तक आवेदन दे सकेंगे। ये आवेदन लोगों को संबंधित एसडीएम कार्यालय में देने होंगे। इसके बाद प्रशासन इन प्रस्तावों को अंतिम रूप देकर लोगों से आपत्तियां मांगेगा।
सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने इससे पहले नई पंचायत समिति नई ग्राम पंचायत के गठन के प्रस्ताव अगस्त में मांगे थे। तब प्रशासन के पास एक पंचायत समिति, 11 नई ग्राम पंचायत तथा 18 गांवों को दूसरी ग्राम पंचायतों में मर्ज करने के प्रस्ताव मिले थे। अभी ये प्रस्ताव स्वीकृति के लिए संभागीय आयुक्त के पास लंबित हैं। अब सरकार ने उन ग्रामीणों को एक और मौका दिया है, जो पहले किन्हीं कारणों से प्रस्ताव नहीं दे पाए थे। इन लोगों को नई ग्राम पंचायत गांवों को दूसरी ग्राम पंचायतों में मर्ज करने के लिए 27 सितंबर की दोपहर तक अपने एसडीएम कार्यालय में आवेदन करना होगा। सरकार ने तय किया है कि 27 सितंबर को आवेदन आने के साथ ही उन पर आपत्तियां मांग ली जाएंगी। 27 अक्टूबर तक लोग इन पर आपत्ति जता सकेंगे। तीन दिन में प्रशासन को इनका निस्तारण करना होगा। फिर दो नवंबर तक प्रशासन इन प्रस्तावों को संभागीय आयुक्त को मंजूरी के लिए भेजेगा। वहां से दो दिन में ये प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे जाएंगे। प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया कि जो लोग पहले प्रस्ताव दे चुके हैं उन्हें अब दुबारा आवेदन देने की जरूरत नहीं है।