हिंदी का सम्मान हमारे देश का सम्मान है
हिंदीहमारी राष्ट्रीय भाषा है। हिंदी का सम्मान हमारे देश का सम्मान है। देश का विकास तभी हो सकता है जब भाषा का विकास हो। यह बात हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में अरोड़वंश मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि शिव स्वामी ने कही। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य मे शहर में जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
हिंदी प्रचार समिति के तत्वावधान में अरोड़वंश मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शहर की कई शैक्षणिक संस्थाओं के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें बच्चों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। विजेता छात्रों को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
जिलापरिषद हॉल में मनाया गया हिंदी दिवस
जिलापरिषद हॉल में हिंदी दिवस समारोह में जिला कलेक्टर आरएस जाखड़ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी एक मात्र ऐसी भाषा है, जिसे कोई भी आसानी से सीख सकता है। उन्होंने कहा कि हमें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि जब हम हिंदी का प्रयोग कर रहे हो तो अंग्रेजी या अन्य किसी भाषा का प्रयोग कम से कम करें।
इसके बाद निबंध प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें वर्तमान में चल रहे मुद्दों पर 300 शब्दों में अपने विचार रखने थे। इसके बाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें 9 टीमों ने भाग लिया। इस दौरान व्याकरण, मुहावरे पर आधारित प्रश्न पूछे गए। इसके बाद विजेताओं को कलेक्टर ने स्मृति चिन्ह और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
अरोड़वंश मंदिर में हिंदी दिवस पर निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वालों काे सम्मानित करते अतिथि।