नाला निर्माण की धीमी गति से लोग परेशान
नगरविकास न्यास की ओर से चहल चौक से जवाहरनगर के सेक्टर आठ तक जाने वाले रास्ते तक हनुमानगढ़ रोड पर बनाए जाने वाले नाले के निर्माण की धीमी गति से आसपास के लोगों के साथ दुकानदार भी परेशान हैं। यूआईटी की ओर से 53 लाख की लागत से नाला निर्माण का काम किया जा रहा है। एक साल से चल रहे निर्माण कार्य में विभाग की ओर से तेजी नहीं लाई जा रही है, जिसका खमियाजा इलाका वासियों को भुगतना पड़ रहा है। इससे वार्ड नं. 32 में गंदे पानी की निकासी नही हो पाने से गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है। काम धीमी गति से चलने के कारण खाली पड़े प्लाॅटों में गंदा पानी भरने के कारण मकानों को नुकसान पहुंच रहा है।
नगरपरिषद ने एक तरफ ज्योति नगर से कल्याण भूमि तक 30 लाख की लागत से नाला निर्माण का काम करना था। नाला बनाने का काम लगभग पूरा हो गया है। वहीं, इस नाले के कई जोड़ बनाने बाकी रह गए हैं और नाले पर चार पुलिया बनानी भी बाकी हैं जो अभी तक नहीं बनाई गई हैं। दूसरी तरफ यूआईटी की ओर से कल्याण भूमि से चहल चौक तक 23 लाख की लागत से निर्माण किया जा रहा है। इलाकावासी अमरजीत सिंह ने बताया कि नगरपरिषद द्व्रारा 10 महीने पहले नाला निर्माण शुरू किया गया था जो अभी तक पूरा नहीं हुआ है। वहीं यूआईटी की ओर से काम शुरू किए को दो महीने से उपर हो गए हैं। लेकिन लोगों को अभी तक इस समस्या से निजात नही मिल पाया है।