- Hindi News
- एकजुट होने से बढ़ेगा स्वर्णकार समाज का महत्व : डॉ. सोनी
एकजुट होने से बढ़ेगा स्वर्णकार समाज का महत्व : डॉ. सोनी
समाजके लोग एक-दूसरे को जानें पहचानें और साथ मिलकर आगे बढ़ें। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से दूर-दूराज के क्षेत्रों में फैले हुए सभी लोग एक साथ इकट्ठे होने से सामाजिक एकता को बल मिलता है। इससे हमारे समाज का महत्व भी बढ़ेगा। यह बात रविवार को अमन पैलेस में मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार सभा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित स्वर्णकार प्रतिभा सम्मान समारोह में मुंबई से आए मुख्य वक्ता डॉ. प्रकाश सोनी ने कही। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों की ओर से महाराजा अजमीढ़ की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके और दीप प्रज्जवलित करके की गई। समाज के 54 वरिष्ठ जनों को माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया गया। दसवीं और बारहवीं में 60 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले समाज के 78 प्रतिभाशाली बच्चों को मेडल और स्मृति चिन्ह देकर उन्हें पुरस्कृत किया गया। सरकारी विभागों में उच्च पदों पर तैनात स्वर्णकार बंधुओं को भी सम्मानित किया गया। नन्ही मुन्नी बच्चियों ने नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। मुख्य अतिथि के रूप में नगरपरिषद सभापति सीता सोनी, जोधपुर के एसीपी रामअवतार सोनी, करणपुर के तहसीलदार नरेश सोनी, टीएसआई तपेश सोनी, राकेश सोनी शामिल थे। अतिथियों का संस्था अध्यक्ष राजेश सहदेव, उपाध्यक्ष राजेंद्र सोनी सचिव महेंद्र भूण ने स्वागत किया। कार्यक्रम में श्रीगंगानगर सहित राज्य के विभिन्न जिलों से स्वर्णकार समाज के सैकड़ों लोग मौजूद थे।
मेधावी छात्रा को सम्मानित करते श्रीकरणपुर के तहसीलदार नरेश सोनी।
श्रीगंगानगर. स्वर्णकार समाज के कार्यक्रम में मौजूद समाज के सदस्य।