श्रीगंगानगर। जिला अस्पताल में गुरुवार को उस समय अलग ही नजारा बन गया जब बाॅर्डर पर तैनात बीएसएफ के एक जवान को सांप के डसने के बाद उसके साथी उसे इलाज के लिए यहां लाए तो साथ में वह सांप भी जिंदा पकड़ लाए जिसने उनके साथी को डसा था। हाथ में जिंदा सांप लिए एक जवान ने डाक्टर से कहा कि डॉक्टर साहब इस सांप ने हमारे साथी जवान को काटा है, आप इसे ठीक से देख लो और जवान का सही इलाज करो।
मामला सुंदरपुरा बाॅर्डर का है, यहां तैनात बीएसएफ की 193 बटालियन के जवान विकास विश्वास को गुरुवार सुबह 8.30 बजे शौच जाते समय एक सांप ने डस लिया। इसके बाद उसके साथी उसे प्रारंभिक उपचार देने के बाद गाड़ी में बैठाकर सीधे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ले आए। यहां वे अपने साथ उस सांप को भी पकड़कर ले आए थे जिसने उनके साथी को काटा था।
इमरजेंसी में उस समय नर्सिंग कर्मियों के साथ डॉक्टर भी मौजूद थे। बीएसएफ जवान उस सांप को मुंह के पास से पकड़े हुए था और उसे दिखाते हुए कहा कि इसी ने हमारे साथी को काटा है, ठीक से इसे पहचान लीजिए और जवान का इलाज करिए। इस पूरे प्रकरण के दौरान अस्पताल में कौतूहलवश सांप को देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। जो लोग अपने साथ किसी मरीज को लेकर आए थे वे भी रुककर यह नजारा देखने लगे। जवान को स्नेक बाइट का इंजेक्शन लगाने के बाद मेल मेडिकल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया और शाम को डिस्चार्ज कर दिया गया।
डॉ. प्रेम अग्रवाल ने बताया कि जिस सांप ने उसे डसा था वह जहरीला नहीं था इस कारण खतरे की कोई बात नहीं थी, मगर फिर भी जवान को एंटी स्नेक बाइट का इंजेक्शन दे दिया गया और शाम से डिस्चार्ज कर दिया।
बीएसएफ जवान को सांप ने काटा, साथी जवान जिंदा सांप भी पकड़कर अस्पताल ले आए।
जवान को एंटी स्नेक बाइट इंजेक्शन लगाकर डिस्चार्ज कर दिया, डॉक्टर के मुताबिक जहरीला नहीं है सांप ।