पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हजारों अग्रजनों ने एक साथ भोजन कर एकजुटता का संदेश दिया

हजारों अग्रजनों ने एक साथ भोजन कर एकजुटता का संदेश दिया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
श्रीगंगानगर. एक साथ भोजन करने से आपस में प्यार और एकता का भाव बढ़ता है। भाईचारे की इसी भावना के साथ अग्र समिति के तत्वावधान में रविवार को श्री गोशाला में अग्रवाल सहभोज का आयोजन किया गया। इसमें हजारों लोगों ने एक साथ भोजन कर समाज की एकजुटता और प्रेम का संदेश दिया। महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7 बजे महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके और दीप प्रज्जवलित करके की गई।
समाज के पदाधिकारियों ने अग्रसेन महाराज को भोजन और पकवानों का भोग लगाया। ब्राह्मणों को भोजन कराने के बाद अग्रवाल सहभोज हुआ। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शाम से ही अग्रबंधु आने लगे थे। इसमें केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश दिया जा रहा था जिनके पास आमंत्रण पत्र था। सहभोज के लिए महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग पांडालों में व्यवस्था की गई थी। पुरुषों वाले पांडाल में अग्रवाल समिति के सदस्य व्यवस्था कर रहे थे। वहीं, महिलाओं वाले पांडाल में अग्र महिला समिति के सदस्यों ने भोजन परोसा। सहभोज में हजारों अग्रजनों ने भोजन ग्रहण किया।

कार्यक्रम स्थल पर लाइन में लगकर किया प्रवेश

समाज के सभी लोग लाइन में लगकर कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश कर रहे थे। इसके साथ ही भोजन करने के लिए भी बारी-बारी लोगों को भेजा जा रहा था। जहां सभी लोग एक साथ पंगत में बैठकर प्रेम भाव से भोजन ग्रहण कर रहे थे। ऐसे में समाज की ओर से समानता एकजुटता का एक अनोखा संदेश मिल रहा था।

14 वर्षों से हो रहा है आयोजन

अग्रसमिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने बताया कि पिछले चौदह वर्षों से लगातार अग्रवाल सहभोज का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन का 15 वां साल है। हर साल समाज के 10 से 15 हजार सदस्य कार्यक्रम में मौजूद होकर कार्यक्रम को सफल बनाते हैं।

क्विज में बच्चों ने जीते उपहार

कार्यक्रम के दौरान प्रतीक्षा हॉल में सामान्य ज्ञान और अग्रवाल समाज से संबंधित प्रश्नोत्तरी का आयोजन भी किया गया। प्रश्नोत्तरी को शीबा गुप्ता ने होस्ट किया। इसमें सही जवाब देने वाले को मौके पर ही तुरंत पुरस्कृत किया गया।