- Hindi News
- बंद पड़ी 14 इंची वाटर लाइन की मरम्मत शुरू
बंद पड़ी 14 इंची वाटर लाइन की मरम्मत शुरू
नगर संवाददाता| श्रीगंगानगर.
वाटरलाइन में फाल्ट होने पर भी सप्लाई बाधित हो और उपभोक्ताओं को पानी मिलता रहे इसके लिए जलदाय विभाग ने मंगलवार काे डीएवी स्कूल के सामने बंद पड़ी 14 इंची पाइप लाइन का वाटर वाल्ब बदलने का कार्य शुरू कर दिया। इस लाइन का जवाहरनगर और पुरानी आबादी जोन से सीधे लिंक है। जरूरत पड़ने पर दोनों जोन में पानी की सप्लाई की जा सकती है।
बीते अगस्त माह के प्रारंभ में पुरानी आबादी पंपिंग स्टेशन में फाल्ट होने से पूरे पुरानी आबादी जोन को तीन दिनों तक पानी की सप्लाई नहीं की जा सकी थी। इस कारण एक लाख से ज्यादा लोगों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ा था। इसके बाद से ही लोगों ने इसका विकल्प तैयार करना शुरू कर दिया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि डीएवी स्कूल के सामने से होती हुई जो वाटर लाइन जाती है यह जवाहरनगर जोन और पुरानी आबादी जोन से सीधे लिंक है। साथ ही जरूरत पड़ने पर इस लाइन से इन दोनों जोन में अलग-अलग समय पर सप्लाई की जा सकती है। अभी तक यह लाइन बंद पड़ी थी और क्योंकि यह कई जगह से डैमेज थी, ऐसे में मंगलवार से इसका मरम्मत कार्य शुरू किया गया।
डीएवी स्कूल के सामने 14 इंची वाॅल्व बदलते कर्मचारी।