- Hindi News
- बारिश में नुकसान 8.63 करोड़ का, मुआवजा मिलेगा 2.31 करोड़ रुपए
बारिश में नुकसान 8.63 करोड़ का, मुआवजा मिलेगा 2.31 करोड़ रुपए
नगर संवाददाता, श्रीगंगानगर।
शहरमें चार पांच सितंबर को हुई भारी बारिश में अपने घर गंवा चुके लोग मुआवजे के लिए भले ही सरकार की सहायता राशि का इंतजार कर रहे हों, लेकिन लोगों को सरकार से बहुत ज्यादा राहत नहीं मिलेगी। हालत यह है कि बारिश में शहर के कुल 3872 मकानों को नुकसान पहुंचा है, जिनकी लागत 8.63 करोड़ रुपए है। जबकि एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा राहत कोष) से इन लोगाें को महज 2.31 करोड़ रुपए की राहत ही मिलेगी। क्षतिग्रस्त मकानों के आंकलन करने का काम मंगलवार को नगरपरिषद ने पूरा कर लिया। अब यह रिपोर्ट सरकार को जाएगी।
सूत्रों के अनुसार नगरपरिषद ने वार्ड वार निरीक्षण के बाद सबसे ज्यादा नुकसान शहर के वार्ड 45 में आंका है। वहां कुल 692 मकानों को क्षति पहुंची है, जिससे लोगों को नुकसान 1.48 करोड़ रुपए का हुआ है। इनमें 93 मकान कच्चे 599 पक्के हैं। इसके बाद वार्ड तीन में 404 मकानों को क्षति पहुंची, जिससे लोगों को 1.36 करोड़ रुपए का माली नुकसान हुआ। शहरभर की बात करें तो 50 वार्डों में कुल 3872 मकानों को नुकसान पहुंचा है। इनमें 720 कच्चे 3152 पक्के मकान हैं। इनसे लोगों को आठ करोड़ 63 लाख 70 हजार रुपए की आर्थिक क्षति पहुंची है। जबकि एनडीआरएफ के नियमानुसार इन लोगों को दो करोड़ 31 लाख 39 हजार रुपए का ही मुआवजा मिलेगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अभी यह प्रस्ताव सरकार को जाएंगे। सरकार से राशि आने के बाद वार्ड वार इनका वितरण होगा।