श्रीगंगानगर. शहर के कई इलाकों में मकानों की छत से होकर गुजर रहे 11केवी के तार कभी भी बड़े हादसे को न्यौता दे सकते हैं, लेकिन निगम अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। हाई टेंशन लाइनों से बारिश के दिनों में मकानों में करंट आने का अंदेशा बना रहता है।
कई जगह तो मकान की छत से होकर तार गुजरने से दूसरी मंजिल पर भवन निर्माण तक नहीं हो पा रहा है। इन एरिया के निवासियों का कहना है कि इस बारे में कई उच्चाधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। भास्कर ने मंगलवार को शहर के इलाकों में जाकर लोगों से बातचीत की और जाना उनका दर्द। एक रिपोर्ट...
वार्ड आठ-बच्चों पर रखते हैं नजर
यहां के निवासी रविंदर सिंह ने बताया कि उनके घर के ऊपर से जा रही विद्युत लाइन में एक माह पहले उनकी नौकरानी का बेटा चिपक गया था। घर के लोग भी वहां मौजूद थे इस लिए उसे बचा लिया। तब से जब भी उनके बच्चे छत पर खेलने जाते हैं, घर का एक सदस्य उनके साथ आता है।
तीन पुली रोड - टूटा हुआ पोल
तीन पुली चौराहे पर लगा एक विद्युत पोल पिछले कई महीनों से बीच से टूटा है। सामने ही जोधपुर डिस्कॉम का सब स्टेशन है, पर यहां से गुजरने वाले विद्युत अधिकारियों को पोल नहीं दिखता। पोल सड़क पर गिर हादसे का कारण बन सकता है।